सरगुजा
छह अवैध शराब भ_ियां मिलीं, 135 लीटर महुआ शराब बरामद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 21 अगस्त। अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंबिकापुर शहर से लगे ग्राम पंचायत खैरबार में संचालित कथित अवैध शराब भ_ी पर छापेमारी की। जिला स्तरीय उडऩदस्ता टीम और आबकारी वृत्त अंबिकापुर की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए मौके से भारी मात्रा में महुआ लाहन और अवैध महुआ शराब बरामद की। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 2 लाख 48 हजार 500 रुपये आंकी गई है।
जानकारी के अनुसार खैरबार में अवैध रूप से महुआ शराब बनाए जाने की सूचना आबकारी विभाग को मिली थी। सूचना के आधार पर टीम ने अमृता तिर्की के ठिकाने पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान मौके पर शराब बनाने के लिए उपयोग की जा रही छह अवैध शराब भ_ियां मिलीं, जिन्हें टीम ने जब्त कर लिया।
छापेमारी के दौरान करीब 4700 किलो महुआ लाहन और 135 लीटर महुआ शराब बरामद की गई। आबकारी विभाग की टीम ने बरामद महुआ लाहन के आवश्यक सैंपल लिए। इसके बाद शेष लाहन को मौके पर ही नष्ट करने की कार्रवाई की गई, ताकि उसका उपयोग दोबारा अवैध शराब निर्माण में न किया जा सके।
आबकारी टीम ने मौके से बरामद सामग्री को जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
जिला आबकारी अधिकारी एलके गायकवाड़ ने बताया कि अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि अवैध शराब बनाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।