सरगुजा

माउंट लिट्रा जी स्कूल में ‘बेटियों की उड़ान’ को मिला नया आसमान
20-Aug-2026 8:59 PM
माउंट लिट्रा जी स्कूल में ‘बेटियों की उड़ान’ को मिला नया आसमान

 पर्वतारोही समीरा खान ने छात्राओं को दिया आत्मविश्वास और साहस का संदेश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर,20 अगस्त। माउंट लिट्रा ज़ी स्कूल में कक्षा 8वीं से 12वीं तक की छात्राओं के लिए महिला सशक्तिकरण एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

विद्यालय के निदेशक के.पी. दीक्षित, उत्तम सिंह सिसोदिया, राजू अग्रवाल, दीपेश गुप्ता, नितेश मेहता, प्रतीक दीक्षित एवं अकादमिक डायरेक्टर डॉ. बृजेश पांडे के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में प्रसिद्ध पर्वतारोही समीरा खान मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुईं।

अपने प्रेरक संबोधन में समीरा खान ने छात्राओं से अपने जीवन के अनुभव और संघर्ष साझा किए। उन्होंने कहा कि चुनौतियां जीवन का हिस्सा हैं, लेकिन उनसे घबराने के बजाय साहस और दृढ़ संकल्प के साथ उनका सामना करना चाहिए। उन्होंने छात्राओं को अपने सपनों को लक्ष्य बनाकर आगे बढऩे के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा, हर लडक़ी अपने भीतर एक शिखर रखती है; जरूरत केवल उस शिखर तक पहुंचने का साहस करने की है।

विद्यालय की प्रधानाचार्या वर्षा अग्रवाल ने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि बेटियां किसी से कम नहीं हैं। उन्हें अपने सपनों पर विश्वास रखने के साथ ही अपने निर्णय स्वयं लेने का साहस विकसित करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि विद्यालय छात्राओं को उनके सपनों की उड़ान के लिए आवश्यक दिशा और अवसर उपलब्ध कराने के लिए सदैव उनके साथ खड़ा रहेगा।

छात्राओं ने खुलकर पूछे सवाल

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने महिला सशक्तिकरण, करियर, आत्मनिर्भरता और भविष्य की संभावनाओं से जुड़े सवाल पूछे। समीरा खान ने अपने अनुभवों के आधार पर छात्राओं के सवालों का जवाब दिया।

संवादात्मक सत्र के माध्यम से छात्राओं को नई सोच के साथ अपने भविष्य को लेकर आत्मविश्वास से निर्णय लेने की प्रेरणा मिली।

कार्यक्रम के अंत में छात्राओं को अपने सपनों पर विश्वास रखने, अपनी आवाज पहचानने और अपनी पहचान स्वयं बनाने का संदेश दिया गया। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि शिक्षा के साथ छात्राओं के व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास और भविष्य निर्माण को सशक्त करना विद्यालय की प्राथमिकताओं में शामिल है।


अन्य पोस्ट