सरगुजा

घुनघुटा जलाशय में बाढ़ आपदा प्रबंधन पर मॉक ड्रिल
20-Aug-2026 8:59 PM
घुनघुटा जलाशय में बाढ़ आपदा प्रबंधन पर मॉक ड्रिल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अम्बिकापुर, 20 अगस्त। सरगुजा जिले के घुनघुटा बांध में आम नागरिकों को आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से एनडीआरएफ द्वारा मॉक ड्रिल अभ्यास का आयोजन किया गया। यह मॉक ड्रिल 03 वाहिनी बटालियन एनडीआरएफ, मुण्डली (कटक, ओडिशा) के डिप्टी कमांडर लिटेन विश्वास मार्गदर्शन में तथा सब-इंस्पेक्टर विकास सैनी के नेतृत्व में संपन्न हुआ।

मॉक ड्रिल के दौरान कलेक्टर अजीत वसंत, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल, अपर कलेक्टर एवं कार्यक्रम के नोडल अधिकारी सुनील नायक, एनडीआरएफ के डिप्टी कमांडर लिटेन विश्वास, डिस्ट्रिक्ट कमाडेंट फायर एस के कठौतिया, सहित विभिन्न विभागों के नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारी उपस्थित रहे।

मॉक ड्रिल की शुरुआत बाढ़ की काल्पनिक आपदा की स्थिति निर्मित कर की गई। इसके तहत घुनघुटा जलाशय में प्रतीकात्मक रूप से एक टापू पर कुछ लोगों के फंसे होने की सूचना प्राप्त होने का परिदृश्य बनाया गया। सूचना मिलते ही एनडीआरएफ एवं संबंधित बचाव दल ने तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। टीम ने नाव के माध्यम से जलाशय में पहुंचकर फंसे ग्रामीणों को सुरक्षित बाहर निकाला।

रेस्क्यू के दौरान कुछ लोगों के घायल होने की स्थिति भी प्रदर्शित की गई।

घायलों को सुरक्षित स्थान पर लाकर मेडिकल पोस्ट में प्राथमिक उपचार एवं आवश्यक चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया गया। इससे आपदा के दौरान रेस्क्यू के साथ-साथ तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने की पूरी प्रक्रिया को व्यावहारिक रूप से समझाया गया।

मॉक ड्रिल में जलभराव अथवा कठिन भौगोलिक परिस्थितियों में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए फ्लाइंग फॉक्स तकनीक का भी प्रदर्शन किया गया। एनडीआरएफ की टीम ने इस तकनीक के माध्यम से आपदा प्रभावित स्थान से लोगों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने की प्रक्रिया समझाई और उसका व्यावहारिक अभ्यास कराया।

 


अन्य पोस्ट