सरगुजा

होलीक्रॉस स्कूल में पूर्व डिप्टी सीएम सिंहदेव का छात्र संवाद
20-Aug-2026 11:07 AM
होलीक्रॉस स्कूल में पूर्व डिप्टी सीएम सिंहदेव का छात्र संवाद

शिक्षा-स्वास्थ्य से लेकर शहर की सडक़ों पर पूछे सवाल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर,19 अगस्त। एनएसयूआई के छात्र संवाद कार्यक्रम के तहत पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने बुधवार को होलीक्रॉस स्कूल के सभाकक्ष में विद्यार्थियों से सीधा संवाद किया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने देश और समाज से जुड़े मुद्दों के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, आधारभूत सुविधाओं, शहर की सडक़ों और सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर सवाल पूछे। सिंहदेव ने विद्यार्थियों के सवालों का जवाब देते हुए उनके विचार भी जाने।

सरगुजा एनएसयूआई द्वारा शुरू की गई इस संवाद श्रृंखला का उद्देश्य जेन जी और जेन अल्फा के विचारों, अपेक्षाओं एवं मांगों को समझना और उन्हें उचित मंच तक पहुंचाना बताया गया है। आयोजकों के अनुसार यह कार्यक्रम पूरी तरह गैर राजनीतिक रखा गया है। इसकी पहली कड़ी में 30 जुलाई को माउंट लिटेरा स्कूल के विद्यार्थियों के साथ संवाद आयोजित किया गया था।

होलीक्रॉस स्कूल में हुए संवाद के दौरान विद्यार्थियों ने जेन जी के जंतर-मंतर आंदोलन, छत्तीसगढ़ में शिक्षा एवं स्वास्थ्य व्यवस्था की स्थिति तथा आधारभूत ढांचे की कमियों पर सवाल किए। विद्यार्थियों ने अंबिकापुर शहर की सडक़ों और सरकारी स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़े मुद्दे भी उठाए।

संवाद के दौरान विद्यार्थियों ने सिंहदेव से उनके निजी जीवन और रुचियों को लेकर भी सवाल पूछे। उन्होंने पूछा कि वे किस तरह की किताबें पढऩा पसंद करते हैं और ऑस्ट्रेलिया में उनके स्काईडाइविंग अनुभव के बारे में भी जानकारी ली। साहित्यिक रुचि के सवाल पर सिंहदेव ने बताया कि उन्हें हल्के दार्शनिक विषयों वाला लेखन पसंद है और वे स्वामी विवेकानंद से संबंधित साहित्य का गहराई से अध्ययन करते हैं। उन्होंने कहा कि राजनीतिक जीवन में आम लोगों से नियमित संवाद में काफी समय जाता है, जिसके कारण साहित्य पढऩे के लिए सीमित समय मिल पाता है। सूचनाओं के लिए वे वर्तमान समय में यू-ट्यूब का भी उपयोग करते हैं।

सिंहदेव ने कहा कि अच्छी शिक्षा का उद्देश्य केवल नौकरी प्राप्त करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को भविष्य का जिम्मेदार नागरिक बनाना भी है। उन्होंने जेन जी और जेन अल्फा के अपनी मांगों को लेकर सडक़ पर उतरने को चिंताजनक बताते हुए कहा कि सरकार को युवाओं की समस्याओं पर उनसे सार्थक संवाद करना चाहिए और उनकी जायज मांगों का समाधान करना चाहिए।

एनएसयूआई जिलाध्यक्ष आशीष जायसवाल ने बताया कि छात्र संवाद की यह श्रृंखला आगे स्कूलों के साथ-साथ महाविद्यालयों में भी जारी रहेगी। कार्यक्रम में होलीक्रॉस स्कूल प्रबंधन के प्रतिनिधियों के अलावा सतीश बारी, अंकित जायसवाल, ऋषिकेश मिश्रा और धीरज गुप्ता मौजूद रहे।

 


अन्य पोस्ट