सरगुजा
आजादी का जश्न, विद्यार्थियों ने बिखेरी देशभक्ति की छटा
अम्बिकापुर,18 अगस्त। स्थानीय ओरिएण्टल पब्लिक स्कूल में स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। स्कूल के संस्थापक प्राचार्य डॉ. आई.ए. खान सूरी ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद उपस्थित सभी शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने राष्ट्रगान गाया तथा तिरंगे को सलामी दी।
उप प्राचार्य तहसीन अहमद खान ने स्वतंत्रता के महत्व और हमारी जिम्मेदारियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को देशभक्ति, सहिष्णुता, सद्भाव, वैज्ञानिक एवं तार्किक सोच तथा देशप्रेम का संदेश दिया। साथ ही क्रांतिकारियों द्वारा दी गई कुर्बानियों को याद करते हुए उनसे सीख लेने के लिए प्रेरित किया।
इसके उपरांत विद्यार्थियों ने अनुशासन एवं जोश से परिपूर्ण परेड प्रस्तुत की। परेड के बाद विद्यार्थियों द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिसमें देशभक्ति से प्रेरित नृत्य और गीत शामिल थे। ऑपरेशन सिंदूर पर आधारित नृत्य प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र बन गई। वहीं स्पीच प्रतियोगिता में प्राइमरी विंग से माहिरा शमीम एवं प्री-प्राइमरी विंग से देवांश सिंह अव्वल रहे।
इस अवसर पर मनमोहक देशभक्ति गीत प्रस्तुत करने वाली कक्षा 12वीं की छात्रा अंशिका गुप्ता को संस्थापक प्राचार्य द्वारा 1100 का नगद पुरस्कार दिया गया। परेड में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी पुरस्कृत किया गया, जिसमें बेस्ट परेड परफॉर्मर अंशिका यादव, बेस्ट परेड प्लाटून (गल्र्स) आइंस्टीन हाउस तथा बेस्ट परेड प्लाटून (ब्वॉयज) कलाम हाउस रहा।