सरगुजा

नजूल पट्टा नवीनीकरण सरल करने और लहपटरा टोल में राहत की मांग
18-Aug-2026 10:07 PM
नजूल पट्टा नवीनीकरण सरल करने और लहपटरा टोल में राहत की मांग

अंबिकापुर, 18 अगस्त। नजूल भूमि पट्टों के नवीनीकरण की प्रक्रिया सरल करने तथा अंबिकापुर-बिलासपुर मार्ग स्थित लहपटरा टोल प्लाजा से नियमित रूप से गुजरने वाले स्थानीय लोगों को टोल शुल्क में राहत देने की मांग को लेकर प्रदेश कांग्रेस सहसचिव राकेश सिंह के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को सरगुजा कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा।  राकेश सिंह ने कहा कि दोनों समस्याओं का सबसे अधिक असर अंबिकापुर और आसपास के व्यवसायी वर्ग पर पड़ रहा है। उन्होंने मंत्री राजेश अग्रवाल से नजूल पट्टा नवीनीकरण की प्रक्रिया सरल कराने के लिए राज्य सरकार स्तर पर पहल करने तथा लहपटरा टोल से नियमित गुजरने वाले लोगों को राहत दिलाने के लिए केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से चर्चा करने की मांग की। इस दौरान अमित सिंह, केदार यादव सहित कांग्रेस के कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

ज्ञापन में कहा गया है कि वर्ष 1996 के बाद 30 वर्ष की अवधि पूर्ण होने के पश्चात अंबिकापुर शहर में नजूल भूखंडों के नवीनीकरण की प्रक्रिया 30 मार्च 2026 से लंबित है। शहर में करीब 20 हजार नजूल भूस्वामी हैं, जिनमें लगभग 80 प्रतिशत लोग नवीनीकरण की समस्या से प्रभावित हो रहे हैं। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि मौजूदा प्रक्रिया जटिल होने के साथ ही इतनी बड़ी संख्या में प्रकरणों के निपटारे के लिए सरकारी मशीनरी की क्षमता भी पर्याप्त नहीं है। इससे आम नागरिकों, विशेषकर व्यवसायियों को परेशानी उठानी पड़ रही है।

प्रतिनिधिमंडल ने नजूल पट्टा नवीनीकरण की प्रक्रिया का सरलीकरण करने और वार्डवार शिविर लगाकर प्रकरणों का निराकरण करने की मांग की। जिला कांग्रेस सचिव अविनाश कुमार ने आरोप लगाया कि प्रक्रिया की जटिलता का फायदा उठाकर दलाल सक्रिय हो गए हैं और लोगों से लाखों रुपये की वसूली की जा रही है।

वहीं, अंबिकापुर-बिलासपुर मार्ग पर शुरू हुए लहपटरा टोल प्लाजा को लेकर भी राहत की मांग की गई। कांग्रेस नेताओं के अनुसार अंबिकापुर से उदयपुर एवं आसपास के क्षेत्रों के कई लोग नौकरी और व्यवसाय के सिलसिले में प्रतिदिन इस मार्ग से आवागमन करते हैं। टोल प्लाजा पर एक बार गुजरने का शुल्क करीब 80 रुपये होने से नियमित यात्रियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। स्थानीय लोगों के लिए टोल में रियायत या विशेष व्यवस्था की मांग की गई।


अन्य पोस्ट