सरगुजा
अंबिकापुर, 17 अगस्त। सरगुजा के ग्राम पंचायत कतकालो के किसानों की वर्षों पुरानी मांग आखिरकार पूरी हो गई। गांव में विद्युतीकरण विस्तार के साथ अब करीब 300 एकड़ कृषि भूमि तक बिजली की सुविधा पहुंच गई है। इससे लगभग 100 किसानों को सिंचाई के लिए पंप कनेक्शन मिलने का रास्ता साफ हो गया है। खेतों तक बिजली पहुंचने से किसानों में उत्साह का माहौल है। छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर ने फीता काटकर एवं बल्ब जलाकर नए ट्रांसफार्मर का शुभारंभ किया। इस दौरान जिला पंचायत सदस्य पायल सिंह तोमर सहित विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, पंचायत प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
ग्रामीणों ने बताया कि पंचायत चुनाव के दौरान उन्होंने जिला पंचायत सदस्य पायल सिंह तोमर के समक्ष खेतों तक बिजली पहुंचाने की मांग रखी थी। बिजली के अभाव में किसानों को सिंचाई के लिए डीजल पंप पर निर्भर रहना पड़ता था, जिससे खेती की लागत बढ़ जाती थी। लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होने पर ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार जताया।
100 किसानों को सीधा फायदा
विद्युतीकरण विस्तार से कतकालो पंचायत के करीब 100 किसानों को सीधा लाभ मिलेगा। लगभग 300 एकड़ कृषि भूमि में बिजली से संचालित पंपों के जरिए सिंचाई की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। किसानों का कहना है कि इससे सिंचाई की लागत कम होने के साथ फसल उत्पादन बढऩे की भी उम्मीद है। खरीफ के साथ रबी फसलों की खेती को भी इसका लाभ मिलेगा।
ग्रामीणों ने विद्युतीकरण को क्षेत्र के कृषि विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि खेतों तक बिजली पहुंचने से अब समय पर सिंचाई संभव होगी और किसानों की आर्थिक स्थिति में सुधार आएगा।