सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 17 अगस्त। दूरस्थ क्षेत्र में शिक्षा की पहुंच बढ़ाने और मझवार जनजाति के बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोडऩे के उल्लेखनीय प्रयासों के लिए प्राथमिक शाला खासपारा बुले के शिक्षक अनूप रंजन सोनी को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सम्मानित किया गया। कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने उन्हें उत्कृष्ट शिक्षक के रूप में सम्मानित करते हुए उनके समर्पण और कार्यों की सराहना की।
शिक्षक अनूप रंजन सोनी वर्ष 2005 से प्राथमिक शाला बुले में पदस्थ हैं। यह क्षेत्र लंबे समय तक आवागमन की कठिनाइयों के लिए जाना जाता रहा है। विषम परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय से जोडऩे और उनके लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण तैयार करने के प्रयास जारी रखे। उनके प्रयासों का परिणाम है कि वर्तमान में विद्यालय में कक्षा पहली से पांचवीं ड्डड्डतक कुल 32 बच्चे अध्ययनरत हैं।
विद्यालय में बेहतर शैक्षणिक माहौल तैयार करने के लिए अनूप रंजन सोनी ने अपने स्तर पर कई सुविधाएं उपलब्ध कराई हैं। उन्होंने विद्यालय परिसर में 30 से अधिक फलदार पौधों का रोपण किया। इसके अलावा अपने खर्च से छह डेस्क-बेंच, पंखा, साउंड सिस्टम और विद्यार्थियों की पढ़ाई के लिए आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई। बच्चों को आधुनिक तकनीक से शिक्षा देने के उद्देश्य से विद्यालय में स्मार्ट क्लास की व्यवस्था भी की गई है।
शिक्षक ने बच्चों को स्कूल तक लाने के साथ उनके अभिभावकों को भी शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूक किया। वे लगातार अभिभावकों से संपर्क कर बच्चों को नियमित विद्यालय भेजने और उनकी पढ़ाई पर ध्यान देने के लिए प्रेरित करते रहे।
अनूप रंजन सोनी के कार्यों को देखते हुए उन्हें पूर्व में ‘शिक्षा दूत’ के रूप में भी सम्मानित किया जा चुका है।
स्वतंत्रता दिवस पर कृषि मंत्री के हाथों मिला सम्मान उनके वर्षों के समर्पण और दूरस्थ क्षेत्र में शिक्षा की अलख जगाने के प्रयासों की महत्वपूर्ण पहचान माना जा रहा है।