सरगुजा

स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग, एमबीबीएस इंटर्न डॉक्टरों ने चाय बेचकर जताया विरोध
17-Aug-2026 9:19 PM
स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग, एमबीबीएस इंटर्न डॉक्टरों ने चाय बेचकर जताया विरोध

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 17 अगस्त। मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर में स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर एमबीबीएस इंटर्न का आंदोलन सोमवार को 14वें दिन भी जारी रहा। आंदोलन के तहत इंटर्न ने अस्पताल की कैजुअल्टी के सामने अनोखे अंदाज में ‘एमबीबीएस चायवाला’ कार्यक्रम आयोजित कर चाय बेचते हुए शासन का ध्यान अपनी मांगों की ओर आकर्षित किया।

इंटर्न का कहना है कि वर्तमान में उन्हें महज 15,900 रुपये प्रतिमाह स्टाइपेंड दिया जा रहा है, जो मेडिकल की कठिन पढ़ाई, प्रशिक्षण और अस्पताल में निभाई जा रही जिम्मेदारियों के अनुरूप पर्याप्त नहीं है। इंटर्न ने स्टाइपेंड बढ़ाकर कम से कम 30 हजार रुपये प्रतिमाह करने की मांग की है। उनका दावा है कि कई अन्य राज्यों में एमबीबीएस इंटर्न को करीब 44 हजार रुपये या उससे अधिक स्टाइपेंड मिल रहा है।

इंटर्न के अनुसार, स्टाइपेंड वृद्धि की मांग को लेकर पिछले कई महीनों से शासन और संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंपे जा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया।

इसके चलते 6 अगस्त से इंटर्न अनिश्चितकालीन शांतिपूर्ण हड़ताल एवं कार्य बहिष्कार पर हैं।

चाय बेचकर दिया प्रतीकात्मक संदेश

‘एमबीबीएस चायवाला’ कार्यक्रम के जरिए इंटर्न ने कम स्टाइपेंड की स्थिति को प्रतीकात्मक रूप से सामने रखा। उनका कहना है कि चाय बेचना किसी काम को छोटा दिखाने का प्रयास नहीं, बल्कि अपनी आर्थिक स्थिति और मांग की ओर शासन का ध्यान आकर्षित करने का माध्यम है।

इंटर्न ने कहा कि उनका आंदोलन शांतिपूर्ण है और आपातकालीन व जीवनरक्षक सेवाओं को प्रभावित नहीं होने दिया जा रहा है। गंभीर मरीजों के उपचार में किसी तरह की बाधा न आए, इसका भी ध्यान रखा जा रहा है। प्रदर्शनकारियों ने राज्य सरकार से जल्द स्टाइपेंड बढ़ाने का निर्णय लेकर आंदोलन समाप्त कराने की पहल करने की मांग की है।


अन्य पोस्ट