सरगुजा
अंबिकापुर, 17 अगस्त। सरगुजा जिला अधिवक्ता संघ के तत्वावधान में वर्तमान न्यायालय परिसर में प्रस्तावित नए न्यायालय भवन का भूमिपूजन एवं शिलान्यास 18 अगस्त को किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर जिला अधिवक्ता संघ ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
संघ की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, नए न्यायालय भवन का भूमिपूजन छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश रमेश चंद्र सिन्हा एवं पोर्टफोलियो जज द्वारा वर्चुअल माध्यम से सुबह 10 बजे किया जाएगा। इसी दौरान नवीन न्यायालय भवन के निर्माण का शिलान्यास भी संपन्न होगा।
जिला अधिवक्ता संघ ने बताया कि नए न्यायालय भवन का निर्माण न्यायिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ ही अधिवक्ताओं और पक्षकारों के लिए भी महत्वपूर्ण सुविधा साबित होगा। लंबे समय से न्यायालय परिसर में बेहतर अधोसंरचना की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। नए भवन के निर्माण से न्यायिक कार्यों के संचालन में सुविधा मिलने की उम्मीद है।
कार्यक्रम को लेकर जिला अधिवक्ता संघ ने नगर के नागरिकों, अधिवक्ताओं एवं न्यायिक व्यवस्था से जुड़े लोगों से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है। संघ के अध्यक्ष अनिल कुमार सोनी ने नगरवासियों एवं अधिवक्ता समुदाय से भूमिपूजन और शिलान्यास कार्यक्रम में गरिमामय उपस्थिति दर्ज कराने का आग्रह किया है। कार्यक्रम 18 अगस्त को सुबह 10 बजे वर्तमान न्यायालय परिसर, अंबिकापुर में आयोजित होगा।