सरगुजा

माता राजमोहिनी कॉलेज में जनभागीदारी समिति की अनदेखी, नए सत्र में भी नहीं हुई बैठक
17-Aug-2026 9:17 PM
माता राजमोहिनी कॉलेज में जनभागीदारी समिति की अनदेखी, नए सत्र में भी नहीं हुई बैठक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 17 अगस्त। माता राजमोहिनी देवी शासकीय स्नातकोत्तर कन्या महाविद्यालय में नए शिक्षा सत्र की शुरुआत के बावजूद जनभागीदारी समिति के साथ बैठक नहीं होने का मामला सामने आया है। आरोप है कि कॉलेज प्रबंधन द्वारा विद्यार्थियों के हित में सुविधाओं और संसाधनों की समीक्षा तथा शैक्षणिक व्यवस्थाओं को लेकर समिति के अध्यक्ष से अब तक कोई चर्चा नहीं की गई है। इससे कॉलेज प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।

शासन स्तर से वरिष्ठ पार्षद विजय सोनी को कॉलेज की जनभागीदारी समिति का अध्यक्ष मनोनीत किया गया है। समिति का उद्देश्य कॉलेज में सुविधाओं का विस्तार, स्थानीय स्तर पर संसाधन जुटाना, विद्यार्थियों के हित में आवश्यक निर्णय लेना तथा शिक्षकों की कमी होने पर अतिथि शिक्षकों की व्यवस्था में सहयोग करना है। आरोप है कि नए शिक्षा सत्र को शुरू हुए एक माह से अधिक समय बीत जाने के बाद भी प्रबंधन ने समिति अध्यक्ष के साथ बैठक कर इन विषयों पर चर्चा नहीं की।

राजीव गांधी कॉलेज में हो चुकी दो बैठकें

शहर के ही राजीव गांधी शासकीय स्वशासी स्नातकोत्तर महाविद्यालय में जनभागीदारी समिति की दो बैठकें आयोजित हो चुकी हैं। इनमें विद्यार्थियों के हित में सुविधाओं के विस्तार सहित विभिन्न मुद्दों पर निर्णय लिए गए और उन पर अमल भी शुरू हो गया है। इसके विपरीत माता राजमोहिनी कॉलेज में समिति की भूमिका को लेकर अब तक कोई ठोस पहल नहीं होने की बात कही जा रही है।

नए सत्र से पहले अतिथि शिक्षकों की उपलब्धता, कॉलेज में उपलब्ध संसाधनों की समीक्षा तथा नवप्रवेशी विद्यार्थियों के इंडक्शन कार्यक्रम जैसे विषयों पर समिति अध्यक्ष से चर्चा की जानी थी। आरोप है कि इन प्रक्रियाओं में समिति को अपेक्षित रूप से शामिल नहीं किया गया। यहां तक कि स्वतंत्रता दिवस के राष्ट्रीय कार्यक्रम में भी समिति अध्यक्ष को आमंत्रित नहीं किए जाने की बात सामने आई है।

कॉलेज प्रबंधन की कार्यशैली को लेकर पूर्व में भी सवाल उठते रहे हैं। कॉलेज स्टाफ के बीच विवाद और एक सहायक प्राध्यापक पर छात्रा से कथित अभद्र व्यवहार के आरोप का मामला भी चर्चा में रहा है।

संभागभर से आती हैं छात्राएं

माता राजमोहिनी देवी कॉलेज में संभाग के विभिन्न क्षेत्रों से छात्राएं उच्च शिक्षा के लिए पहुंचती हैं। ऐसे में कॉलेज में पर्याप्त शैक्षणिक संसाधन, शिक्षक एवं बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना महत्वपूर्ण है।


अन्य पोस्ट