सरगुजा

कला केन्द्र में प्रस्तावित दुकानों के निर्माण पर रोक की मांग
17-Aug-2026 9:16 PM
कला केन्द्र में प्रस्तावित दुकानों के निर्माण पर रोक की मांग

अधिवक्ताओं ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर,17 अगस्त। शहर के ऐतिहासिक एवं प्रमुख सार्वजनिक स्थल कला केन्द्र परिसर में प्रस्तावित दुकानों के निर्माण को लेकर जिला न्यायालय अंबिकापुर के अधिवक्ताओं ने आपत्ति जताई है। अधिवक्ताओं ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर निर्माण कार्य पर तत्काल रोक लगाने तथा कला केन्द्र परिसर को जनहित में यथावत सुरक्षित रखने की मांग की है।

ज्ञापन में अधिवक्ताओं ने कहा कि कला केन्द्र शहर के मध्य स्थित महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थल है, जहां प्रतिवर्ष मेले, प्रदर्शनियां, सांस्कृतिक कार्यक्रम, शासकीय आयोजन सहित विभिन्न सामाजिक एवं जनहित से जुड़े कार्यक्रम आयोजित होते हैं। नगर में इन गतिविधियों के लिए कला केन्द्र जैसा कोई अन्य विस्तृत एवं उपयुक्त सार्वजनिक स्थल उपलब्ध नहीं है। ऐसे में परिसर में व्यावसायिक निर्माण होने से इसके मूल स्वरूप और सार्वजनिक उपयोगिता पर प्रतिकूल असर पडऩे की आशंका है।

अधिवक्ताओं ने यह भी कहा कि प्रस्तावित निर्माण स्थल जिला न्यायालय के बेहद करीब है। न्यायालय में प्रतिदिन बड़ी संख्या में वादकारी, अधिवक्ता, न्यायिक अधिकारी और आम नागरिक पहुंचते हैं। दुकानों के निर्माण से बढऩे वाली भीड़, यातायात दबाव, शोर-शराबे और अव्यवस्था से न्यायालय की कार्यप्रणाली एवं सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।

ज्ञापन में परियोजना की सभी प्रशासनिक एवं वैधानिक स्वीकृतियों की समीक्षा कराने तथा अधिवक्ताओं, नागरिक संगठनों और अन्य हितधारकों से चर्चा के बाद ही कोई निर्णय लेने की मांग की गई है। अधिवक्ताओं ने कला केन्द्र जैसे सार्वजनिक एवं सांस्कृतिक स्थल के व्यावसायीकरण के बजाय उसके संरक्षण को प्राथमिकता देने की अपील की है।


अन्य पोस्ट