सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 14 अगस्त। साइबर ठगी के एक मामले की जांच के दौरान एक करोड़ रुपए रिश्वत मांगने और हवाला के जरिए रकम लेने के आरोपों ने अंबिकापुर पुलिस महकमे में हलचल बढ़ा दी है। मामले में ट्रेनी आईपीएस एवं अंबिकापुर सीएसपी राहुल बंसल सहित साइबर सेल में पदस्थ एएसआई प्रवीण कुमार राठौर और आरक्षक अंशुल शर्मा के खिलाफ शिकायत सीबीआई की विशेष अदालत, दिल्ली में दायर की गई है। परिवाद पर अदालत ने संबंधित पक्षों को नोटिस जारी किया है। मामले की अगली सुनवाई 18 अगस्त को निर्धारित है।
शिकायतकर्ता हरियाणा निवासी आकाश कुमार ने आरोप लगाया है कि साइबर ठगी के प्रकरण की जांच के दौरान एक करोड़ रुपए की रिश्वत की मांग की गई। आरोप के अनुसार रकम हवाला के माध्यम से दो किश्तों में 50-50 लाख रुपए के तौर पर पहुंचाई गई। शिकायत में एएसआई प्रवीण कुमार राठौर और आरक्षक अंशुल शर्मा पर कथित तौर पर बिचौलिये की भूमिका निभाने का आरोप लगाया गया है।
शिकायतकर्ता ने सीबीआई में शिकायत के बाद एफआईआर दर्ज नहीं होने पर दिल्ली स्थित सीबीआई स्पेशल कोर्ट का रुख किया। परिवाद में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 व 7 ए तथा बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज करने की मांग की गई है। शिकायत के साथ शपथ-पत्र, व्हाट्सप चैट और कॉल रिकॉर्डिंग भी प्रस्तुत किए जाने की बात कही गई है।
वायरल ऑडियो के बाद दो पुलिसकर्मी लाइन अटैच
मामले से जुड़ा एक कथित ऑडियो वायरल होने के बाद सरगुजा आईजी दीपक कुमार झा ने एएसआई प्रवीण कुमार राठौर और आरक्षक अंशुल शर्मा को लाइन अटैच कर दिया है। आईजी ने कहा कि सीएसपी राहुल बंसल के खिलाफ एक करोड़ रुपए के लेन-देन से संबंधित कोई ठोस प्रमाण अब तक सामने नहीं आया है। वहीं, वायरल ऑडियो में पैसे की मांग से संबंधित बातचीत सामने आने के बाद दोनों पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की गई है।
आईजी के मुताबिक साइबर रेंज थाना अंबिकापुर में दर्ज साइबर ठगी के मामले में अलग-अलग राज्यों से अब तक 23 आरोपियों की गिरफ्तारी की जा चुकी है। जांच सीएसपी राहुल बंसल के नेतृत्व में चल रही थी। आरोपी पक्ष की शिकायत के बाद पुलिस ने अपना पक्ष सीबीआई के समक्ष रखा है। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे विभागीय कार्रवाई के साथ एफआईआर की कार्रवाई भी की जा सकती है।
20 लाख की साइबर ठगी से शुरू हुआ मामला
दरअसल, अंबिकापुर के क्रशर संचालक रवि मोहन गोस्वामी ने साइबर सेल में शिकायत दी थी कि शेयर बाजार में ट्रेडिंग का झांसा देकर ‘मनी ट्रेड 365’ और ‘स्काई ट्रेड’ नाम के एप डाउनलोड कराए गए और उनसे करीब 20 लाख 15 हजार रुपए की ठगी कर ली गई। शिकायतकर्ता ने अलग-अलग 17-18 बैंक खातों में 84 किश्तों के जरिए रकम जमा की थी।पुलिस ने मामले में बीएनएस की धारा 318(4), 3(5) और आईटी एक्ट की धारा 66 के तहत अपराध दर्ज किया था। जांच के दौरान पुलिस ने देश के विभिन्न राज्यों से 23 आरोपियों को गिरफ्तार किया। शिकायत में आरोप है कि मामले में जल्द चालान पेश करने और जांच में राहत देने के एवज में एक करोड़ रुपए की मांग की गई।
शिकायत के मुताबिक रकम हवाला के जरिए लेने की बात सामने आई है। इसके अलावा आरक्षक अंशुल शर्मा पर कथित तौर पर अपने मोबाइल या गैजेट में खराबी का हवाला देकर रकम की मांग करने तथा अंबिकापुर की एक मोबाइल दुकान पर पैसे पहुंचाने के लिए कहने का आरोप लगाया गया है। मामले से संबंधित कथित बातचीत का ऑडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। अब सभी आरोपों की वास्तविकता अदालत और विभागीय जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।