सरगुजा

अंबिकापुर से उदयपुर होते हुए कोरबा तक रेल लाइन की पहल, सांसद के सामने रखा प्रस्ताव
14-Aug-2026 11:19 PM
अंबिकापुर से उदयपुर होते हुए कोरबा तक रेल लाइन की पहल, सांसद के सामने रखा प्रस्ताव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर,14 अगस्त। अंबिकापुर से लखनपुर और उदयपुर होते हुए कोरबा तक रेल सुविधा शुरू करने की मांग को लेकर पहल तेज होती नजर आ रही है। उदयपुर विश्राम गृह में सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज से मुलाकात के दौरान क्षेत्र में नई रेल लाइन के प्रस्ताव पर चर्चा की गई। इस दौरान अंबिकापुर-लखनपुर-उदयपुर-कोरबा संभावित रेल मार्ग का प्रस्ताव सांसद के समक्ष रखा गया।

चर्चा के दौरान सांसद चिंतामणि महाराज ने सुझाव दिया कि सबसे पहले प्रस्तावित रेल मार्ग का विस्तृत चार्ट तैयार किया जाए। इसके बाद संबंधित स्तर पर प्रस्ताव को आगे बढ़ाने की प्रक्रिया शुरू की जा सकती है। रेल लाइन की यह पहल साकार होती है तो सरगुजा और कोरबा क्षेत्र के बीच आवागमन को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।

प्रस्ताव के अनुसार अंबिकापुर से रेल लाइन को लखनपुर और उदयपुर के रास्ते कोरबा से जोड़ा जा सकता है। सरगुजा क्षेत्र खनिज और कोयला संसाधनों के लिहाज से महत्वपूर्ण है। ऐसे में रेल कनेक्टिविटी मिलने से आम लोगों के साथ व्यापारिक गतिविधियों, रोजगार और औद्योगिक विकास को भी लाभ मिलने की संभावना है।

नई रेल सुविधा से यात्रियों को सडक़ मार्ग की तुलना में बेहतर और सुविधाजनक परिवहन विकल्प मिल सकता है। साथ ही समय और यात्रा खर्च में भी कमी आने की उम्मीद है। कोरबा से सीधा रेल संपर्क बनने पर सरगुजा अंचल के लोगों को प्रदेश के प्रमुख औद्योगिक क्षेत्र तक पहुंचने में सहूलियत होगी।

बेहतर रूट के लिए मांगी गई जनता की राय

प्रस्ताव को आगे बढ़ाने से पहले क्षेत्रवासियों से संभावित रेल मार्ग को लेकर सुझाव मांगे गए हैं। लोगों से पूछा गया है कि अंबिकापुर से कोरबा के बीच रेल लाइन के लिए कौन सा मार्ग सबसे उपयोगी रहेगा और किन गांवों, कस्बों तथा प्रमुख क्षेत्रों को प्रस्तावित रूट में शामिल किया जाना चाहिए। स्थानीय जरूरतों और अधिकतम आबादी को लाभ पहुंचाने वाले सुझावों के आधार पर संभावित रूट का चार्ट तैयार करने की बात कही गई है।


अन्य पोस्ट