सरगुजा
15 अगस्त से 2 अक्टूबर तक चलेगा अभियान
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 14 अगस्त। साइबर अपराधों से लोगों को बचाने और डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ पुलिस ने प्रदेशव्यापी ‘साइबर जागृति अभियान’ शुरू किया है। 15 अगस्त से 2 अक्टूबर तक सात सप्ताह चलने वाले इस अभियान के माध्यम से आम लोगों को साइबर ठगी, डिजिटल अरेस्ट, फर्जी कॉल, यूपीआई फ्रॉड, फिशिंग और सोशल मीडिया से जुड़े खतरों के प्रति जागरूक किया जाएगा।
अभियान का शुभारंभ राजधानी रायपुर में मुख्यमंत्री और गृहमंत्री द्वारा किया गया। सरगुजा जिले में पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक कुमार झा और पुलिस अधीक्षक सरगुजा डीआईजी राजेश कुमार अग्रवाल ने प्रेसवार्ता के दौरान अभियान की लिंक और क्यूआर कोड जारी कर इसकी शुरुआत की। दोनों अधिकारियों ने क्यूआर कोड स्कैन कर जागरूकता संदेश वाली सेल्फी ली और उसे सोशल मीडिया पर साझा किया।
‘साइबर जागृति की एक सेल्फी’ होगी अभियान की पहचान
अभियान की मुख्य थीम ‘साइबर जागृति की एक सेल्फी’ रखी गई है। पुलिस द्वारा जारी लिंक या क्यूआर कोड के माध्यम से लोग जागरूकता संदेश वाले सेल्फी फ्रेम में अपनी तस्वीर लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट करेंगे। पुलिस का मानना है कि सोशल मीडिया के जरिए यह संदेश बड़ी संख्या में लोगों तक तेजी से पहुंचेगा और साइबर अपराधों के प्रति जनजागरूकता बढ़ेगी।
आईजी दीपक कुमार झा और एसएसपी राजेश कुमार अग्रवाल ने जिलेवासियों से अभियान में बढ़-चढक़र भाग लेने की अपील की। उन्होंने सामाजिक एवं व्यापारिक संगठनों, संस्थानों, जनप्रतिनिधियों, सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स, प्रोफेशनल्स और कलाकारों से भी अभियान को व्यापक बनाने में सहयोग देने का आग्रह किया।
सात सप्ताह में अलग-अलग विषयों पर होंगे कार्यक्रम
अभियान के तहत पहले सप्ताह स्कूल-कॉलेजों में डिजिटल सतर्कता और बुनियादी साइबर सुरक्षा को लेकर जागरूकता कार्यक्रम होंगे। दूसरे सप्ताह बैंकिंग संस्थानों के सहयोग से वित्तीय धोखाधड़ी और यूपीआई सुरक्षा पर जानकारी दी जाएगी। तीसरे सप्ताह वरिष्ठ नागरिकों के लिए डिजिटल अरेस्ट और फर्जी कॉल के खिलाफ टाउन हॉल कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
चौथे सप्ताह महिला कॉलेजों और सामुदायिक समूहों में स्मार्टफोन प्राइवेसी एवं सुरक्षित ब्राउजिंग पर जागरूकता अभियान चलेगा। पांचवें सप्ताह युवाओं को जॉब फ्रॉड और फिशिंग से बचाव की जानकारी रोजगार कार्यालयों, आईटीआई और कौशल विकास केंद्रों में दी जाएगी। छठे सप्ताह डेटा प्राइवेसी और सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल पर जागरूकता फैलाई जाएगी।
सातवें और अंतिम सप्ताह ग्राम पंचायतों एवं नगरीय निकायों में गांधी जयंती के अवसर पर ‘साइबर मुक्त छत्तीसगढ़’ का संकल्प दिलाया जाएगा। 2 अक्टूबर को गांधी जयंती के दिन अभियान का समापन होगा।
चौक-चौराहों और बाजारों में भी होगा प्रचार
अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए जिला पुलिस और स्थानीय थानों की टीमें सार्वजनिक स्थानों, बाजारों, पार्कों तथा चौक-चौराहों पर पोस्टर-बैनर के माध्यम से क्यूआर कोड का प्रचार करेंगी। पुलिस के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और वाट्सएप ग्रुप के जरिए भी अभियान की लिंक अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाई जाएगी।