सरगुजा

आजादी की पूर्व संध्या पर केंद्रीय जेल से 8 बंदियों की रिहाई
14-Aug-2026 11:01 AM
आजादी की पूर्व संध्या पर केंद्रीय जेल से 8 बंदियों की रिहाई

14-15 साल बाद अपनों के बीच पहुंचे कैदी, छलकीं आंखें

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर,13 अगस्त। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जेलों में बंद पात्र कैदियों को समयपूर्व रिहाई देने की प्रक्रिया के तहत अंबिकापुर केंद्रीय जेल से आठ बंदियों को रिहा किया गया। वर्षों से जेल की सजा काट रहे इन बंदियों के लिए रिहाई का पल बेहद भावुक रहा। करीब 14 से 15 वर्षों बाद जेल से बाहर निकलते समय कई बंदियों की आंखें नम हो गईं। परिजनों ने भी भावुक होकर उनका स्वागत किया।

केंद्रीय जेल अधीक्षक अक्षय राजपुर ने बताया कि रिहा किए गए सभी बंदी आजीवन कारावास की सजा भुगत रहे थे। जेल में लंबे समय तक उनके आचरण, व्यवहार और अनुशासन को देखते हुए प्रकरणों की समीक्षा की गई। जेल नियमावली की धारा 358 के तहत समीक्षा बोर्ड की अनुशंसा के बाद उन्हें निर्धारित अवधि से पहले रिहाई का लाभ दिया गया।

उन्होंने बताया कि समयपूर्व रिहाई के लिए संबंधित जिले के कलेक्टर और जेल अधीक्षक की रिपोर्ट के आधार पर समीक्षा बोर्ड द्वारा पात्र बंदियों के मामलों पर विचार किया जाता है। उन्होंने कहा कि जेल में अनुशासन और अच्छे व्यवहार का पालन करने वाले अन्य पात्र बंदियों को भी नियमानुसार भविष्य में इस तरह का लाभ मिल सकता है।

जेल से बाहर आने के दौरान बंदियों को जेल में किए गए विभिन्न कार्यों से अर्जित पारिश्रमिक की राशि भी वापस की गई। जिन बंदियों के बैंक खाते उपलब्ध थे, उनके खातों में राशि जमा कराई गई, जबकि अन्य को चेक के जरिए भुगतान किया गया।

रिहाई के दौरान जेल परिसर में अधिकारियों, जेल कर्मचारियों और परिजनों की मौजूदगी रही। लंबे अंतराल के बाद परिवार से मिलने और स्वतंत्र जीवन की ओर लौटने की खुशी बंदियों के चेहरों पर साफ नजर आई। कई भावुक क्षणों के बीच परिजनों ने उनका स्वागत किया।

जेल प्रशासन ने अन्य बंदियों से भी अनुशासन बनाए रखने और जेल के नियमों का पालन करने की अपील की, ताकि पात्रता पूरी करने पर उन्हें भी नियमानुसार समयपूर्व रिहाई का अवसर मिल सके।

 


अन्य पोस्ट