सरगुजा

दोपहिया चोरी गिरोह का खुलासा, एक बंदी
13-Aug-2026 10:31 PM
दोपहिया चोरी गिरोह का खुलासा, एक बंदी

अंबिकापुर,13 अगस्त। दोपहिया वाहन चोरी के मामले में बतौली, लुण्ड्रा और मणिपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की तीन दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, चोरी की इन वारदातों में आरोपी के साथ दो विधि से संघर्षरत बालकों की भी संलिप्तता सामने आई है।

मामला ग्राम देवरी डुमरपारा का है। प्रार्थी गिरधारी किस्पोट्टा ने बतौली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसने अपनी एचएफ डिलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी-15-डीई-1621 को 2 अगस्त की रात घर के आंगन में खड़ा किया था। सुबह उठने पर मोटरसाइकिल गायब मिली। रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने बेलकोटा भगतपारा निवासी सागर कुजूर उर्फ बुतरू को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने देवरी डुमरपारा से मोटरसाइकिल चोरी करने के अलावा अपने साथियों के साथ बरगीडीह से एचएफ डिलक्स क्रमांक सीजी-15-डीजेड-9655 तथा अंबिकापुर के मेण्ड्राकलां से एक्टिवा स्कूटी क्रमांक सीजी-15-ईई-9186 चोरी करना स्वीकार किया।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने तीनों चोरी के वाहन बरामद कर लिए। जांच में छोटे संगठित अपराध की गतिविधि सामने आने पर प्रकरण में धारा 112 बीएनएस तथा सामान्य आशय से अपराध करने के संबंध में धारा 3(5) बीएनएस जोड़ी गई है।

पुलिस के अनुसार, मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है। वहीं, वारदात में शामिल दो विधि से संघर्षरत बालकों के संबंध में भी आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।


अन्य पोस्ट