सरगुजा
तिरंगा हमारी आन, बान और शान का प्रतीक है- पर्यटन मंत्री
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर,13 अगस्त। स्वतंत्रता दिवस के पूर्व ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत गुरुवार को अम्बिकापुर शहर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने भी यात्रा में शामिल होकर तिरंगा लहराया। यात्रा के दौरान लोगों में खासा उत्साह और उमंग देखने को मिला।
तिरंगा यात्रा का शुभारंभ शहर के मल्टीपरपज स्कूल से हुआ, जो कि महामाया चौक, घड़ी चौक, गांधी चौक होते हुए गांधी स्टेडियम मैदान में सम्पन्न हुई। यात्रा में जिला पंचायत अध्यक्ष निरुपा सिंह, नगर निगम महापौर मंजूषा भगत, निगम सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी, भारत सिंह सिसोदिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल, जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार अग्रवाल, अपर कलेक्टर सुनील नायक, एसडीएम बनसिंह नेताम सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, विभिन्न विद्यालय के विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में नागरिकगण शामिल होकर एकता का संदेश दिया।
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि तिरंगा हमारी आन, बान और शान का प्रतीक है। यह यात्रा देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करने का माध्यम है। उन्होंने नागरिकों से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा देश की प्रगति में अपना योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने सभी को अपने घर में, प्रतिष्ठान में, कार्यालय में झंडा फहराने कहा।
इस दौरान गृह निर्माण मंडल अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव ने कहा कि तिरंगा यात्रा के माध्यम से देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और भाईचारे की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया जा रहा है।
कलेक्टर अजीत वसंत ने तिरंगा यात्रा में शामिल होने पहुंचे सभी नागरिकों का स्वागत करते हुए कहा कि जिन आदर्शों और मूल्यों को लेकर हमारे स्वतंत्रता सेनानियों ने आजादी की लड़ाई लड़ी, वे आज भी हमारे लिए प्रेरणास्रोत हैं। हमें स्वतंत्रता संग्राम के इन आदर्शों और देश की आजादी के मूल्यों को अपने जीवन में आत्मसात करते हुए राष्ट्रप्रेम, एकता और जिम्मेदार नागरिकता की भावना को मजबूत करना चाहिए।
तिरंगा यात्रा के दौरान भारत माता की जयकारों, वंदे मातरम् और देशभक्ति के नारों के साथ राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया गया। जगह-जगह लोगों ने यात्रा का स्वागत किया। युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला और बड़ी संख्या में लोगों ने हाथों में तिरंगा लेकर यात्रा में सहभागिता की। यात्रा के दौरान देशभक्ति गीतों ने वातावरण को और अधिक उत्साहपूर्ण बना दिया।
आयोजन के माध्यम से लोगों को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान तथा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से जुडऩे के लिए प्रेरित किया गया। यात्रा में शामिल लोगों ने देश की एकता, अखंडता और गौरव को बनाए रखने का संकल्प भी लिया।