सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
उदयपुर, 11 अगस्त। सावन सोमवार को सरगुजा के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल देवगढ़ में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। भगवान भोलेनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए क्षेत्र के विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु देवगढ़ पहुंचे। इस दौरान हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से पूरा क्षेत्र शिवमय हो गया।
इसी क्रम में ‘उदयपुर से भोले की फौज करेगी मौज’ के तत्वावधान में आयोजित 12वीं कांवर पदयात्रा में सैकड़ों कांवरियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। पदयात्रा महेशपुर से प्रारंभ होकर उदयपुर, खोडऱी, सलका, खम्हरिया और भदवाही होते हुए देवगढ़ पहुंची। यात्रा के दौरान जगह-जगह ग्रामीणों एवं शुभचिंतकों द्वारा कांवरियों के लिए जलपान, पेयजल और भोजन की व्यवस्था की गई। वहीं युवा मित्र मंडली का आयोजन को सफल बनाने में विशेष सहयोग रहा।
कांवरियों ने देवगढ़ पहुंचकर प्राचीन अर्धनारीश्वर शिवलिंग में पवित्र जल अर्पित कर विधिवत जलाभिषेक किया। दूर-दूर से पहुंचे श्रद्धालुओं ने भगवान शिव के दर्शन कर परिवार की सुख-शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
सावन सोमवार के अवसर पर देवगढ़ में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। बताया गया कि करीब 10 हजार श्रद्धालु भगवान अर्धनारीश्वर महादेव के दर्शन एवं पूजन के लिए देवगढ़ पहुंचे। मंदिर परिसर और आसपास का क्षेत्र सुबह से ही भक्तों से गुलजार रहा।
दर्शन एवं पूजा-अर्चना के लिए मंत्री राजेश अग्रवाल के भाई एवं जिला पंचायत सदस्य विजय अग्रवाल, सरपंच अनिमा पैकरा सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु भी देवगढ़ पहुंचे।
आस्था के साथ दिखी सामाजिक एकजुटता
कांवर यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सेवा में जगह-जगह लोगों ने बढ़-चढक़र हिस्सा लिया। किसी ने पानी की व्यवस्था की तो किसी ने जलपान और भोजन की।
स्थानीय युवाओं और शुभचिंतकों के सहयोग से कांवरियों को यात्रा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखा गया।
महेशपुर से देवगढ़ तक सैकड़ों कांवरियों के कदमों के साथ पूरा मार्ग ‘बोल बम’, ‘हर-हर महादेव’ और ‘ओम नम: शिवाय’ के जयघोष से गूंजता रहा।
देवगढ़ पहुंचने के बाद कांवरियों ने अर्धनारीश्वर महादेव का जलाभिषेक कर अपनी 12वीं पदयात्रा को श्रद्धा एवं भक्ति के साथ पूर्ण किया।