सरगुजा
लखनपुर, 10 अगस्त। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लखनपुर में भवन की जर्जर हालत अब मरीजों और स्वास्थ्यकर्मियों के लिए चिंता का कारण बनती जा रही है। रविवार सुबह करीब 9.30 बजे नवजात शिशु देखभाल इकाई (एनबीएसयू)के कमरे की फॉल सीलिंग अचानक भरभराकर नीचे गिर गई। गनीमत रही कि घटना के समय कमरे में कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया।
जानकारी के अनुसार, रविवार को आपातकालीन ड्यूटी के लिए चिकित्सक के स्वास्थ्य केंद्र पहुंचने के कुछ देर बाद एनबीएसयू कक्ष की फॉल सीलिंग गिरने की घटना सामने आई। घटना की सूचना तत्काल खंड चिकित्सा अधिकारी (बीएमओ) को दी गई।
बताया जा रहा है कि एनबीएसयू के इस कक्ष का उपयोग चिकित्सकों की आपातकालीन ड्यूटी के दौरान रुकने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में किया जा रहा था। ऐसे में फॉल सीलिंग का अचानक गिरना स्वास्थ्य केंद्र के भवन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
गौरतलब है कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का प्रसव कक्ष भी पहले क्षतिग्रस्त हो चुका है। अब नवजात शिशु देखभाल कक्ष की फॉल सीलिंग गिरने के बाद स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं और भवन की स्थिति को लेकर सवाल उठने लगे हैं।