सरगुजा

विश्व आदिवासी दिवस पर निकाली रैली
09-Aug-2026 8:26 PM
 विश्व आदिवासी दिवस पर निकाली रैली

एकजुटता और सामाजिक चेतना का दिया संदेश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

उदयपुर,9 अगस्त। विश्व आदिवासी दिवस पर उदयपुर में आदिवासी समाज ने विशाल रैली निकाली। जिसमें ग्रामीण क्षेत्रों से महिला-पुरुष, बुजुर्ग और बच्चे बड़ी संख्या में शामिल हुए। विशाल जनसमूह की मौजूदगी ने आदिवासी समाज की एकजुटता और सामाजिक चेतना का संदेश दिया।

हजारों की संख्या में आदिवासी समुदाय के लोग एकजुट होकर जल, जंगल और जमीन सहित समाज से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा के लिए रामगढ़ के सीताबेंगरा स्थित कार्यक्रम स्थल पहुंचे। दोपहर 12 बजे सलका चौक से विशाल रैली निकाली गई, जो नगर के विभिन्न मार्गों का भ्रमण करते हुए रामगढ़ के सीताबेंगरा दोपहर 2 बजे पहुंची।

कार्यक्रम में सर्व आदिवासी समाज के अध्यक्ष विजय कोर्राम, कंवर समाज प्रमुख जगेश्वर साय पैकरा, रविदास समाज से बी बी राम, गोड समाज से नवल सिंह, उरांव समाज से नान साय मिंज, पण्डो समाज से श्यामलाल पण्डो, बिंझिया समाज से फ्लेश्वर सिरदार, मझवार समाज से कलम साय मझवार तथा जनपद अध्यक्ष ओम प्रकाश सिंह, जनपद सदस्य श्रवण वरकडे, सरपंच संघ अध्यक्ष प्रदीप मरकाम, जिला पंचायत सदस्य रैमूनिया करियम, पूर्व सरपंच रोहित टेकाम, सरपंच संघ उपाध्यक्ष अनिमा पैकरा, देव सिंह करियम, देवलोचन, मनोहर, हुकुम, मोहे लाल, समाज गोविंद, गोविंद वरकडे, महेश, अनिल टोप्पो, पीआर तिर्की, नरहरि सिंह सहित अन्य लोग आयोजन को सफल बनाने में जुटे रहे।

सीताबेंगरा में दिनभर चले कार्यक्रम में विभिन्न वक्ताओं ने विश्व आदिवासी दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए आदिवासी समाज की एकजुटता, अधिकारों और सामाजिक विकास को लेकर अपने विचार रखे। वक्ताओं ने समाज के प्रमुख लोगों से एकजुट होकर समाजहित में कार्य करने का आह्वान किया।

इस दौरान समाज में व्याप्त विभिन्न बुराइयों और कुरीतियों को दूर करने के लिए सामाजिक पहल करने का संकल्प भी लिया गया। वक्ताओं ने कहा कि समाज की मजबूती के लिए शिक्षा, जागरूकता, सामाजिक एकता और अपने अधिकारों के प्रति सजगता जरूरी है।

16 सूत्रीय ज्ञापन सौंपने की जानकारी

कार्यक्रम के पश्चात राज्यपाल के नाम 16 बिंदुओं का ज्ञापन अनुविभागीय अधिकारी, उदयपुर को सौंपने की जानकारी दी गई। ज्ञापन के माध्यम से समाज से जुड़े विभिन्न मुद्दों और मांगों को शासन तक पहुंचाने की बात कही गई।

विशाल आयोजन को देखते हुए उदयपुर पुलिस द्वारा सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए। थाना प्रभारी शिशिरकांत सिंह के नेतृत्व में उदयपुर पुलिस बल काफी संख्या में सुरक्षा व्यवस्था के लिए तैनात रहा।

पुलिस की मौजूदगी में कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।   आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम में लगभग 8 से 10 हजार लोगों की उपस्थिति रही।


अन्य पोस्ट