सरगुजा
महापौर ने भाजपा पार्षदों और निगम अफसरों संग किया निरीक्षण, कहा- नियमों के तहत होनी चाहिए थी आवंटन प्रक्रिया
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 9 अगस्त। शहर के पुराने बस स्टैंड परिसर में पिछले कई वर्षों से संचालित हो रही करीब 37 दुकानों को लेकर नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं। निगम के अनुसार इन दुकानों का विधिवत आवंटन नहीं किया गया है और वर्ष 2021-22 से दुकानें संचालित होने के बावजूद नगर निगम को इनसे अब तक किसी प्रकार का राजस्व प्राप्त नहीं हुआ है। मामले की जानकारी सामने आने के बाद महापौर मंजूषा भगत ने शुक्रवार को सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी, भाजपा पार्षदों और नगर निगम अधिकारियों के अमले के साथ मौके का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने दुकानों की स्थिति और उनके संचालन से संबंधित दस्तावेजों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार के कार्यकाल में संकल्प पत्र के माध्यम से लोगों को यहां दुकान लगाने की अनुमति दी गई थी। हालांकि, उनके अनुसार इस व्यवस्था में नगर निगम के राजस्व के लिए भी राशि निर्धारित की जानी चाहिए थी, ताकि दुकानों से निगम को नियमित आय प्राप्त हो सके।
महापौर ने कहा कि नगर निगम पहले से ही आर्थिक चुनौतियों से जूझ रहा है। उन्होंने विपक्ष द्वारा कर्मचारियों को दो-दो और तीन-तीन माह से वेतन नहीं मिलने के लगाए जा रहे आरोपों का हवाला देते हुए कहा कि यदि निगम की संपत्तियों से नियमानुसार राजस्व प्राप्त नहीं होगा तो कर्मचारियों के वेतन सहित अन्य आवश्यक खर्चों का प्रबंधन करना मुश्किल होगा।
उन्होंने कहा कि पुराने बस स्टैंड का मामला सामने आने के बाद नगर निगम द्वारा शहर के अन्य हिस्सों में भी ऐसे स्थानों की जानकारी जुटाई जा रही है, जहां बिना निर्धारित प्रक्रिया के दुकानें संचालित हो रही हैं। इसके लिए निगम स्तर पर जांच और निरीक्षण की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।
महापौर ने स्पष्ट किया कि आगे की कार्रवाई किसी व्यक्ति विशेष को ध्यान में रखकर नहीं, बल्कि नियमों के अनुसार की जाएगी। उन्होंने कहा कि जहां भी निगम की संपत्ति पर दुकानें संचालित हो रही हैं, वहां नियमानुसार आवंटन प्रक्रिया अपनाई जानी चाहिए, जिससे दुकानदारों को वैध व्यवस्था मिल सके और नगर निगम को भी राजस्व प्राप्त हो।
निरीक्षण के बाद मामले को लेकर संबंधित अधिकारियों से जानकारी लेकर आगे की कार्रवाई के लिए समिति के स्तर पर निर्णय लिए जाने की बात कही गई है।-