सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 8 अगस्त। संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय, सरगुजा में शैक्षणिक सत्र 2026-27 से 15 नए पाठ्यक्रम प्रारंभ किए जाएंगे। शनिवार को आयोजित प्रेसवार्ता में विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. राजेंद्र लाकपाले ने इसकी जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि शासन से इस वित्तीय वर्ष में 25 नए पाठ्यक्रम प्रारंभ करने की अनुमति मिली है, लेकिन जगह के अभाव में इस वर्ष 15 पाठ्यक्रम ही प्रारंभ किए जाएंगे। 10 नए विषय अगले साल से प्रारंभ होंगे,कुछ विषयों के लिए उन्होंने अनुमति लेने की भी आवश्यकता उन्होंने बताई।
कुलपति ने बताया कि विश्वविद्यालय द्वारा विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण, रोजगारोन्मुखी और वर्तमान समय की जरूरतों के अनुरूप शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए लगातार नई पहल की जा रही है। इसी क्रम में राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 की भावना के अनुरूप नए पाठ्यक्रम शुरू किए जा रहे हैं।
विश्वविद्यालय में रूरल टेक्नोलॉजी, बॉटनी, केमिस्ट्री, जूलॉजी, फिजिक्स एंड इलेक्ट्रॉनिक्स, ललित कला, अंग्रेजी, एंथ्रोपोलॉजी एंड ट्राइबल स्टडीज, कॉमर्स, भूगोल, राजनीति विज्ञान, समाजशास्त्र, इतिहास, अर्थशास्त्र और हिंदू अध्ययन विषयों में नए पाठ्यक्रम प्रारंभ होंगे।
कुलपति डॉ. लाकपाले ने बताया कि इन पाठ्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को पारंपरिक विषयों के साथ-साथ नवीन, बहुविषयक, कौशल आधारित एवं रोजगारपरक शिक्षा के अवसर मिलेंगे। विद्यार्थी अपनी रुचि और क्षमता के अनुरूप विषयों का चयन कर सकेंगे।
परीक्षा प्रणाली में होगा डिजिटल बदलाव
कुलपति राजेंद्र लाकपाले ने बताया कि विश्वविद्यालय द्वारा परीक्षा व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, तेज और विश्वसनीय बनाने के लिए डिजिटल मूल्यांकन व्यवस्था भी लागू की जा रही है। इसके तहत उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन की प्रक्रिया डिजिटल माध्यम से संचालित होगी।
डिजिटल मूल्यांकन से उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन में पारदर्शिता एवं निष्पक्षता बढऩे के साथ समय की बचत होगी। इससे परीक्षा परिणामों के शीघ्र प्रकाशन, मूल्यांकन कार्य की निगरानी और मानवीय त्रुटियों को कम करने में मदद मिलेगी। साथ ही मूल्यांकन प्रक्रिया का डिजिटल रिकॉर्ड सुरक्षित रखा जा सकेगा।
रोजगार और कौशल विकास पर जोर
कुलपति ने कहा कि नए पाठ्यक्रमों का सीधा लाभ विद्यार्थियों को मिलेगा। इनके माध्यम से युवाओं में आवश्यक ज्ञान, कौशल और दक्षताओं का विकास करने के साथ रोजगार एवं स्वरोजगार की संभावनाओं को बढ़ावा दिया जाएगा। विश्वविद्यालय प्रशासन शिक्षा के साथ अनुसंधान, नवाचार, कौशल विकास और डिजिटल तकनीक को बढ़ावा देने की दिशा में भी कार्य कर रहा है।
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में विद्यार्थियों और समाज की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए नए शैक्षणिक कार्यक्रम और तकनीकी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। 15 नए पाठ्यक्रमों की शुरुआत और डिजिटल मूल्यांकन व्यवस्था को विश्वविद्यालय को आधुनिक एवं तकनीक आधारित उच्च शिक्षा संस्थान के रूप में विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। कुलपति ने बताया कि 15 नए पाठ्यक्रम को प्रारंभ करने प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, बिल्डिंग का अभाव है,नगर निगम से नए प्रशासनिक भवन के बगल में स्थित सामुदायिक भवन को संचालित करने के लिए लीज या किराया में मांगा गया है।
कापी का सिर्फ क्यूआर कोड होगा स्केन
वार्ता के दौरान कुलपति राजेंद्र लाकपाले ने बताया कि कुछ लोग भ्रम फैला रहे है कि डिजिटल मूल्यांकन में कापी का पूरा फॉर्मेट स्कैन होकर चला जाता है,जिससे पारदर्शिता नहीं रहेगी। इसके संदर्भ में उन्होंने कहा कि कापी का सिर्फ क्यूआर कोड स्कैन होगा,किसी को पता नहीं चलेगा कि किसकी कापी किसके पास है। कुलपति ने कहा कि इस प्रकिया से समय और पैसा दोनों की बचत होगी साथ ही यह पूरी तरह पारदर्शिता होगी।
प्रशासनिक और एकेडमी भवन के लिए 14 करोड़ की आवश्यकता
प्रेस वार्ता में पत्रकारों के द्वारा पूछे गए प्रश्न के संदर्भ में कुलपति ने बताया कि प्रशासनिक और एकेडमी भवन के लिए 14 करोड़ रुपए की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि इसके लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं वित्त मंत्री ओपी चौधरी से निवेदन कर चुके है, शासन के अनुपूरक बजट में यह राशि स्वीकृत हो जाए प्रयास हो रहा है।