सरगुजा

गाज से घायल मरीजों को इलाज के लिए भटकना पड़ा, एक नर्स के भरोसे रहा अस्पताल!
08-Aug-2026 8:48 PM
गाज से घायल मरीजों को इलाज के लिए भटकना पड़ा, एक नर्स के भरोसे रहा अस्पताल!

लखनपुर सीएचसी में ड्यूटी डॉक्टर के नदारद रहने का आरोप, एंबुलेंस नहीं मिलने पर निजी वाहन से पहुंचाए गए

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

लखनपुर, 8 अगस्त। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लखनपुर की स्वास्थ्य व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में है। ग्राम केंवरी में आकाशीय बिजली गिरने से घायल तीन लोगों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचने के बाद भी कथित तौर पर करीब आधे घंटे तक डॉक्टर का इंतजार करना पड़ा।

परिजनों का आरोप है कि जिस समय तीनों घायल अस्पताल पहुंचे, उस दौरान ड्यूटी डॉक्टर मौके पर मौजूद नहीं थे और एक स्टाफ नर्स के भरोसे मरीजों की देखरेख चल रही थी।

जानकारी के अनुसार ग्राम केंवरी में एक मकान में काम करने के दौरान मौसम अचानक बदल गया। इसी दौरान तेज गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने से वहां मौजूद विनोद करियाम निवासी गोरता, वीरेंद्र कुमार निवासी लोकनाथ भरतपुर सहित तीन लोग घायल हो गए। घटना के बाद परिजनों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए 108 संजीवनी एंबुलेंस से संपर्क किया, लेकिन एंबुलेंस तत्काल उपलब्ध नहीं होने की बात कही गई। इसके बाद परिजनों ने निजी वाहन की व्यवस्था कर तीनों घायलों को लखनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।

परिजनों के मुताबिक, अस्पताल पहुंचने के समय तीनों घायल बेहोशी की हालत में थे। आरोप है कि उस समय ड्यूटी डॉक्टर अस्पताल में मौजूद नहीं थे और एक ही स्टाफ नर्स मरीजों की देखरेख कर रही थी। करीब आधे घंटे बाद डॉक्टर के पहुंचने पर घायलों का उपचार शुरू किया गया। उपचार के बाद तीनों की हालत स्थिर बताई जा रही है और वे खतरे से बाहर हैं।

बीएमओ ने व्यवस्था का दिया हवाला

मामले को लेकर लखनपुर बीएमओ डॉ. ओपी प्रसाद ने कहा कि ओपीडी में सभी डॉक्टर मौजूद रहते हैं और आपातकालीन स्थिति में भी डॉक्टरों की व्यवस्था रहती है। यदि किसी समय कोई डॉक्टर उपलब्ध नहीं रहता है तो दूसरे डॉक्टर द्वारा मरीजों का उपचार किया जाता है।

एंबुलेंस के संबंध में उन्होंने कहा कि 108 की सुविधा उपलब्ध है, लेकिन उसके कहीं अन्य स्थान पर चले जाने के कारण तत्काल सुविधा नहीं मिल पाई होगी।

स्टाफ नर्स की उपलब्धता को लेकर बीएमओ ने बताया कि रोस्टर के अनुसार प्रत्येक शिफ्ट में दो-दो स्टाफ नर्स की ड्यूटी रहती है। संभव है कि उस समय एक नर्स प्रसव संबंधी कार्य में व्यस्त रही हो। उन्होंने कहा कि यदि कोई कर्मचारी अनुपस्थित रहता है तो उसकी जानकारी के आधार पर ही कार्रवाई की जाती है।

सीएमएचओ बोले- जांच के बाद होगी कार्रवाई

मामले में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पीएस मार्को ने कहा कि पूरे मामले की जांच बीएमओ से कराई जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि ड्यूटी के दौरान डॉक्टर या स्टाफ के अनुपस्थित रहने की पुष्टि होती है तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।


अन्य पोस्ट