सरगुजा

कैलाशगुफा के लिए रवाना हुए हजारों कांवडिय़े
08-Aug-2026 8:47 PM
 कैलाशगुफा के लिए रवाना हुए हजारों कांवडिय़े

80 किमी पैदल चलकर सोमवार को करेंगे जलाभिषेक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 8 अगस्त। सावन के महीने में शनिवार को अंबिकापुर शहर बोल बम के जयकारों से गूंज उठा। सुबह से ही बड़ी संख्या में कांवडिय़े शंकरघाट पहुंचने लगे। शिव मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद कांवडिय़ों ने पवित्र जल उठाया और कैलाशगुफा के लिए पैदल यात्रा शुरू की। करीब 80 किलोमीटर की इस कांवड़ यात्रा में हजारों श्रद्धालु शामिल हुए हैं। कांवडिय़े रविवार को कैलाशगुफा पहुंचेंगे और सावन सोमवार के अवसर पर भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे।

कांवड़ यात्रा में शामिल होने के लिए कई श्रद्धालु शुक्रवार शाम ही अंबिकापुर पहुंच गए थे। नगर निगम स्कूल परिसर में कांवडिय़ों के लिए भजन संध्या का आयोजन किया गया। इसके बाद देर शाम शहर के प्रमुख मार्गों से पालकी एवं शोभायात्रा निकाली गई। गाजे-बाजे के साथ निकली शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। इस दौरान कलाकारों ने शिव दरबार की आकर्षक प्रस्तुति दी, जिससे माहौल पूरी तरह भक्तिमय हो गया।

शनिवार सुबह करीब चार बजे से ही कांवडिय़े शंकरघाट पहुंचना शुरू हो गए थे। मंदिर में पूजा-अर्चना और भगवान शिव के दर्शन के बाद श्रद्धालु कांवड़ में जल लेकर कैलाशगुफा की ओर रवाना हुए। यात्रा मार्ग में श्रद्धालुओं के लिए जगह-जगह जलपान, भंडारे और उपचार की व्यवस्था की गई है। स्वयंसेवकों और आयोजन समिति के सदस्य भी कांवडिय़ों की सुविधा के लिए तैनात हैं। हर वर्ष कांवडिय़ों का पहला पड़ाव बतौली में होता रहा है। इस वर्ष भी बतौली में श्रद्धालुओं के ठहरने और भोजन सहित अन्य व्यवस्थाएं की गई हैं।

हालांकि सडक़ की खराब स्थिति को देखते हुए यात्रा मार्ग में बदलाव किया गया है। कांवडिय़े बैलकोटा और बरगीडीह होते हुए बांसाझाल पहुंचेंगे। बांसाझाल में रात्रि विश्राम की व्यवस्था की गई है। यहां शाम को भजन संध्या का आयोजन भी होगा। रविवार को कांवडिय़े कैलाशगुफा के लिए रवाना होंगे और देर शाम तक वहां पहुंचने की संभावना है।

भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध, पुलिस की तैनाती

कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और सुचारु बनाने के लिए पुलिस ने प्रमुख मार्गों पर भारी वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध लगाया है। रामानुजगंज रोड पर ककना तक तथा रायगढ़ मार्ग पर बतौली तक भारी वाहनों का प्रवेश बंद किया गया है। यात्रा मार्ग में जगह-जगह पुलिस जवानों की तैनाती की गई है। इसके अलावा पेट्रोलिंग टीम लगातार क्षेत्र में निगरानी कर रही है। सोमवार को कैलाशगुफा में जलाभिषेक के बाद कांवडिय़ों की वापसी होगी।


अन्य पोस्ट