सरगुजा
स्मार्ट मीटर आंदोलन पर कांग्रेस की कार्यशाला, बूथ स्तर तक जनसंपर्क तेज करने की रणनीति
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर,6 अगस्त। जिला कांग्रेस कमेटी सरगुजा ने स्मार्ट मीटर के खिलाफ घोषित आंदोलन को प्रभावी बनाने तथा संगठनात्मक गतिविधियों को मजबूत करने के उद्देश्य से बुधवार को एक दिवसीय वृहद कार्यशाला का आयोजन किया। कार्यशाला में जिला कार्यकारिणी, ब्लॉक अध्यक्षों, मोर्चा-संगठनों के पदाधिकारियों, प्रभारी अधिकारियों एवं मंडल अध्यक्षों ने भाग लिया। करीब पांच घंटे तक चली कार्यशाला में विभिन्न विषयों पर आठ वक्ताओं ने प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन दिया।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव ने कहा कि आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक सक्रिय होकर जनता के बीच संवाद स्थापित करना होगा। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से जनता के सामने रखा जाए तथा सरकार की विफलताओं पर जनजागरण अभियान चलाया जाए।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य आदित्येश्वर शरण सिंहदेव ने स्मार्ट मीटर के विरोध में चल रहे जनसंपर्क अभियान का अनुभव साझा करते हुए कहा कि उपभोक्ताओं का अभियान को व्यापक समर्थन मिल रहा है। उन्होंने दावा किया कि स्मार्ट मीटर के विरोध में कांग्रेस द्वारा चलाए जा रहे हस्ताक्षर अभियान में लोगों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिल रही है। उन्होंने सरगुजा में बिजली आपूर्ति की समस्या और बढ़े हुए बिजली बिलों का मुद्दा भी उठाया।
पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश गुप्ता ने एग्री स्टेट पंजीकरण, राशन वितरण व्यवस्था तथा शासकीय योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया। वहीं, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष अरविंद सिंह, महामंत्री हेमंत तिवारी, जमील खान एवं अनूप मेहता ने संगठनात्मक मजबूती, कानूनी सहायता, मतदाता सूची पुनरीक्षण, सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग और मीडिया समन्वय जैसे विषयों पर कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दिया।
कार्यशाला में संगठन को पंचायत, वार्ड और बूथ स्तर तक अधिक सक्रिय बनाने तथा आगामी आंदोलनों और जनसंपर्क अभियानों की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।