सरगुजा

फर्जी जमीन रजिस्ट्री: रेप आरोपी समेत 5 पर एफआईआर
06-Aug-2026 11:08 PM
फर्जी जमीन रजिस्ट्री: रेप आरोपी समेत 5 पर एफआईआर

भाजपा नेता की शिकायत पर जांच शुरु

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 6 अगस्त। भाजपा नेता आलोक दुबे की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने मृत व्यक्ति की फर्जी पहचान बनाकर जमीन की रजिस्ट्री कराने और धोखाधड़ी करने के मामले में पांच आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। इस मामले में हाल ही में रेप के आरोप में गिरफ्तार होकर न्यायिक रिमांड पर भेजे गए बौरीपारा निवासी वर्षित पटेल उर्फ बंटी का नाम भी शामिल है।

पुलिस के अनुसार आलोक दुबे की शिकायत पर की गई जांच में घुटरापारा (मायापुर) स्थित खसरा नंबर 356/2, रकबा 0.065 हेक्टेयर भूमि के संबंध में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। राजस्व अभिलेखों के अनुसार यह भूमि मृतक मोहरसाय रजवाड़े के नाम दर्ज थी, जिनकी वर्ष 1962 में मृत्यु हो चुकी थी।

जांच में प्रथम दृष्टया पाया गया कि एक अन्य व्यक्ति को मोहरसाय रजवाड़े बताकर उसकी फर्जी पहचान तैयार की गई और कूटरचित आधार कार्ड के जरिए 25 सितंबर 2025 को जमीन की रजिस्ट्री रामनिवास गुप्ता एवं पायल पटेल के नाम कराई गई।

विवेचना के दौरान यह भी सामने आया कि पूरे भूमि सौदे में बंटी पटेल उर्फ वर्षित पटेल की अहम भूमिका थी। पुलिस के अनुसार इसके बाद 18 मार्च 2026 को उक्त भूमि को लगभग 30 लाख रुपये में अन्य खरीदारों को बेच दिया गया। जांच में यह भी सामने आया कि बिक्री से प्राप्त राशि का एक हिस्सा अन्य आरोपियों को दिया गया, जबकि शेष राशि बंटी पटेल द्वारा प्राप्त किए जाने के प्रथम दृष्टया साक्ष्य मिले हैं।

कोतवाली पुलिस ने इस मामले में अमर सिंह उर्फ मोहरसाय रजवाड़े, पायल पटेल, चुपी पटेल, रामनिवास गुप्ता उर्फ बोखा तथा बंटी पटेल उर्फ वर्षित पटेल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

गौरतलब है कि बंटी पटेल को हाल ही में एक महिला से रेप के मामले में भी पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा है। अब उसके खिलाफ दर्ज दोनों मामलों की पुलिस अलग-अलग विवेचना कर रही है।

 विशेष जांच टीम गठित करने की मांग

वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पार्षद आलोक दुबे ने फर्जी जमीन रजिस्ट्री के मामले में व्यापक जांच की मांग करते हुए कलेक्टर से विशेष जांच टीम (एसआईटी) गठित करने की अपील की है। उनका कहना है कि उनकी शिकायत पर दर्ज एफआईआर केवल एक प्रकरण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जिले में लंबे समय से चल रहे कथित भूमि फर्जीवाड़े का हिस्सा हो सकता है।

आलोक दुबे ने कहा कि हाल ही में दर्ज मामले में वर्ष 1962 में मृत हो चुके नोहर साय राजवाड़े के नाम दर्ज भूमि की रजिस्ट्री सितंबर 2025 में कथित रूप से एक अन्य व्यक्ति को नोहर साय बताकर करा दी गई। आरोप है कि मैनपाट निवासी अमर सिंह को मृतक के रूप में प्रस्तुत कर कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर जमीन का विक्रय कराया गया।

उन्होंने आरोप लगाया कि नवागढ़,श्रीगढ़, कांतीप्रकाशपुर, मानिकप्रकाशपुर,लालमाटी,पुरा और दरिमा रोड क्षेत्र में भी इसी तरह के सैकड़ों मामलों में शासकीय एवं निजी भूमि के दस्तावेजों में कथित कूटरचना कर करोड़ों रुपये मूल्य की जमीनों का अवैध हस्तांतरण किया गया है। उनका दावा है कि अधिकार अभिलेखों में छेड़छाड़ कर बड़े पैमाने पर भूमि घोटाले को अंजाम दिया गया है।आलोक दुबे ने कहा कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के लिए कलेक्टर सरगुजा को विशेष जांच टीम गठित करनी चाहिए, ताकि सभी संदिग्ध प्रकरणों की जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा सके। उन्होंने कहा कि यदि व्यापक जांच कराई जाती है तो जिले में भूमि फर्जीवाड़े के कई और मामले सामने आ सकते हैं।


अन्य पोस्ट