सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर,6 अगस्त। छत्तीसगढ़ के कृषि मंत्री ने गुरुवार को सरगुजा जिले के अजिरमा स्थित छत्तीसगढ़ राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम लिमिटेड के बीज प्रसंस्करण केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने बीज प्रसंस्करण की संपूर्ण प्रक्रिया, गुणवत्ता मानकों तथा केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं का अवलोकन करते हुए कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान कृषि मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों को समय पर उच्च गुणवत्ता वाले प्रमाणित बीज उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि बीजों की गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं कार्यों में दक्षता सुनिश्चित करने के लिए सभी स्तरों पर सतत निगरानी रखी जाए, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। बीजों की कालाबाजारी, जमाखोरी अथवा किसी भी प्रकार की अनियमितता को किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि कहीं भी गड़बड़ी पाई जाती है तो संबंधित लोगों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
कृषि मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि खरीफ एवं रबी सीजन को ध्यान में रखते हुए किसानों तक गुणवत्तायुक्त प्रमाणित बीजों की समयबद्ध उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, जिससे कृषि उत्पादन में वृद्धि हो और किसानों को बेहतर लाभ मिल सके।
निरीक्षण के दौरान विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बीज प्रसंस्करण केंद्र की कार्यप्रणाली, भंडारण व्यवस्था तथा गुणवत्ता नियंत्रण संबंधी जानकारी प्रस्तुत की। इस अवसर पर विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे ।