सरगुजा
एसटी-एससी एक्ट जोडऩे और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग, उग्र आंदोलन की चेतावनी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 5 अगस्त। नाबालिग आदिवासी पीडि़ता से रेप के मामले में कार्रवाई में देरी और एसटी-एससी एक्ट की धाराएं नहीं जोडऩे के विरोध में बुधवार को छत्तीसगढ़ सर्व आदिवासी समाज, सरगुजा ने रैली निकालकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय का घेराव करने का प्रयास किया। प्रदर्शन को देखते हुए कलेक्ट्रेट के सामने भारी पुलिस बल तैनात रहा। नारेबाजी करते हुए समाज के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में लोग एसपी कार्यालय पहुंचे तथा पुलिस अधीक्षक के नाम ज्ञापन सौंपकर त्वरित कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि नाबालिग अनुसूचित जनजाति की पीडि़ता के साथ 20 जुलाई की रात कथित रूप से तरुण जायसवाल द्वारा रेप किया गया था। मामले में कोतवाली थाना अंबिकापुर में 22 जुलाई को बीएनएस की धारा 65(1) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 4 एवं 6 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। समाज का आरोप है कि पीडि़ता का जाति प्रमाण पत्र प्रस्तुत किए जाने के बावजूद अब तक अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धाराएं नहीं जोड़ी गई हैं।
ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया है कि घटना के कई दिन बीत जाने के बाद भी मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है, जिससे पीडि़त परिवार और आदिवासी समाज में आक्रोश व्याप्त है। समाज ने आरोप लगाया कि पुलिस की कार्यप्रणाली से आरोपियों को संरक्षण मिलने का संदेश जा रहा है।
सर्व आदिवासी समाज ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि मामले में तत्काल एसटी-एससी एक्ट की धाराएं जोड़ी जाएं, सभी आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाए तथा पीडि़ता को शासन के नियमानुसार सहायता राशि उपलब्ध कराई जाए। इसके अलावा आरोपी की संपत्ति कुर्क करने, उसके मकान पर बुलडोजर चलाने तथा आरोपियों को संरक्षण देने वालों के विरुद्ध भी आपराधिक प्रकरण दर्ज करने की मांग की गई है।
समाज ने चेतावनी दी है कि यदि 9 अगस्त तक उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं की गई, तो सर्व आदिवासी समाज शांतिपूर्ण तरीके से व्यापक आंदोलन और उग्र प्रदर्शन करेगा।