सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 5 अगस्त। पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला करने के मामले में प्रेमनगर पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लाठियां भी बरामद की गई हैं।
पुलिस के अनुसार, गौरीपुर निवासी मटुकधारी यादव ने 14 जुलाई को थाना प्रेमनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 13 जुलाई की रात करीब 10 बजे ग्राम कंचनपुर निवासी रविंद्र रजक पेट्रोल पंप का उधार लिया पैसा लेने उसकी दुकान पर आया था। इसी दौरान लक्ष्मण यादव, संदीप यादव, जमुना प्रसाद यादव और कमलेश यादव लाठी-डंडों से लैस होकर वहां पहुंचे और पुरानी रंजिश को लेकर विवाद करते हुए रविंद्र रजक पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल रविंद्र रजक को पहले प्रेमनगर अस्पताल ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय भेज दिया गया।
मामले में प्रेमनगर थाना में बीएनएस की विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल के निर्देश पर प्रेमनगर पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज करते हुए दबिश दी और चारों आरोपियों लक्ष्मण यादव, संदीप यादव, जमुना प्रसाद यादव तथा कमलेश यादव सभी निवासी ग्राम गौरीपुर यादवपारा को गिरफ्तार कर पूछताछ की गई जिसमें आरोपियों ने वारदात करना स्वीकार किया, पुलिस ने आरोपियों के निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लाठियां भी जब्त की है।