सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
लखनपुर,1 अगस्त। सरगुजा जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रजपुरी कला में शुक्रवार शाम एक जंगली बंदर के उत्पात से सनसनी फैल गई। बंदर बस्ती में घुस आया और लोगों में दहशत का माहौल बन गया। डर के कारण ग्रामीण अपने-अपने घरों में दुबक गए। इसी दौरान बंदर ने घर के अंदर पालने में सो रही पांच माह की मासूम बच्ची को उठाकर पानी से भरे प्लास्टिक के ड्रम में डाल दिया।
घटना के समय परिजनों ने शोर सुनकर तत्काल मौके पर पहुंचकर किसी तरह बच्ची को पानी से बाहर निकाला। इसके बाद गंभीर हालत में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लखनपुर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल अंबिकापुर रेफर कर दिया।
घायल मासूम की पहचान त्रिशिका प्रजापति (5 माह), पिता सुदर्शन प्रजापति, निवासी ग्राम रजपुरी कला, थाना लखनपुर के रूप में हुई है। घटना शुक्रवार शाम करीब 4 बजे की बताई जा रही है।
घटना के बाद पूरे गांव में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से जंगली बंदर को पकडक़र बस्ती से हटाने की मांग की है।