सरगुजा
400 यूनिट तक हाफ बिजली योजना बहाल करने की मांग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर,1 अगस्त। बिजली दरों में हालिया वृद्धि, स्मार्ट मीटर और 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना को पुन: लागू करने की मांग को लेकर कांग्रेस ने प्रदेशव्यापी आंदोलन का ऐलान किया है। शनिवार को अंबिकापुर स्थित राजीव भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य आदित्येश्वर शरण सिंहदेव ने कहा कि प्रदेश सरकार लगातार बिजली उपभोक्ताओं पर आर्थिक बोझ बढ़ा रही है। कांग्रेस इसे जनविरोधी निर्णय बताते हुए चरणबद्ध आंदोलन करेगी।
उन्होंने बताया कि आंदोलन की शुरुआत 1 अगस्त से सभी जिला मुख्यालयों में पत्रकार वार्ता के माध्यम से की जाएगी। इसके बाद 2 अगस्त से कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर जाकर स्मार्ट मीटर हटाने और बढ़ी हुई बिजली दरों को वापस लेने की मांग संबंधी आवेदन भरवाएंगे। यह अभियान दो माह तक चलेगा। इसके पश्चात जिलों में एकत्रित आवेदनों के साथ बिजली विभाग के कार्यालयों का घेराव कर ज्ञापन सौंपा जाएगा और अंत में मुख्यमंत्री निवास का घेराव किया जाएगा।
सिंहदेव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने जुलाई से घरेलू उपभोक्ताओं के लिए प्रति यूनिट 30 से 50 पैसे, गैर-घरेलू उपभोक्ताओं के लिए 20 से 40 पैसे तथा कृषि पंपों की बिजली दर में 40 पैसे प्रति यूनिट की वृद्धि की है। उनका दावा है कि भाजपा सरकार बनने के बाद यह बिजली दरों में पांचवीं बढ़ोतरी है, जिससे आम जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ा है।
उन्होंने कहा कि पहले ही 12 प्रतिशत विद्युत ईंधन अधिभार लागू किया जा चुका है और अब तक कुल 31.23 प्रतिशत बिजली दरों में वृद्धि हो चुकी है। कांग्रेस का आरोप है कि 400 यूनिट तक की बिजली बिल हाफ योजना बंद होने, बिजली दरों में लगातार वृद्धि और स्मार्ट मीटर लगाए जाने के कारण उपभोक्ताओं के बिजली बिल तीन से चार गुना तक बढ़ गए हैं।प्रेस वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि कई उपभोक्ताओं की सहमति के बिना उनके बिजली कनेक्शन का अनुबंध भार बढ़ाया जा रहा है, जिससे अतिरिक्त अर्थदंड जोडक़र अधिक राशि के बिल भेजे जा रहे हैं। उन्होंने स्मार्ट मीटर की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए दावा किया कि इससे वास्तविक खपत से अधिक रीडिंग दर्ज होने की शिकायतें मिल रही हैं।
कांग्रेस ने मांग की कि बिजली दरों में तत्काल कमी की जाए, 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना पुन: लागू की जाए तथा स्मार्ट मीटर हटाए जाएं। पार्टी नेताओं ने कहा कि यदि सरकार ने मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो प्रदेशभर में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।