सरगुजा

एक करोड़ की ज्वेलरी चोरी के आरोपी पर 5 हजार का इनाम घोषित
01-Aug-2026 9:42 PM
एक करोड़ की ज्वेलरी चोरी के आरोपी पर 5 हजार का इनाम घोषित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सीतापुर,1 अगस्त। सीतापुर में करीब एक करोड़ रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषणों से भरा बैग लेकर फरार अज्ञात आरोपी की गिरफ्तारी के लिए सरगुजा पुलिस ने इनाम की घोषणा की है। डीआईजी एवं एसएसपी राजेश अग्रवाल ने आरोपी की गिरफ्तारी या उसके संबंध में ठोस सूचना देने वाले व्यक्ति को 5 हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

पुलिस के अनुसार थाना सीतापुर में बीएनएस की धारा 303(2) के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना की जा रही है। प्रार्थी अरुण देव सोनी, निवासी सीतापुर, की हाई स्कूल के पास श्री काशी विश्वनाथ ज्वेलरी नाम से दुकान है।

घटना 26 जुलाई की सुबह करीब 11.30 बजे की है। पुलिस के मुताबिक, अरुण देव सोनी अपनी स्कूटी के सामने ज्वेलरी से भरा बैग रखकर दुकान का शटर खोल रहे थे। इसी दौरान अज्ञात व्यक्ति बैग लेकर फरार हो गया। बैग में करीब एक करोड़ रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण रखे हुए थे।

घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। संभावित स्थानों पर जांच और पतासाजी के बावजूद अब तक आरोपी का कोई सुराग नहीं मिल सका है। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं एसएसपी ने पुलिस रेगुलेशन के प्रावधानों के तहत इनाम घोषित किया है।सरगुजा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी के पास आरोपी के संबंध में कोई विश्वसनीय सूचना हो, जिससे उसकी गिरफ्तारी संभव हो सके, तो वह पुलिस अधीक्षक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक या जिला पुलिस कंट्रोल रूम से संपर्क कर जानकारी दे सकता है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले का नाम और पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।


अन्य पोस्ट