सरगुजा
एलएमएस व एआई पोर्टल का शुभारंभ
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर,1 अगस्त। संजय नगर स्थित के.आर. टेक्निकल कॉलेज में ‘एआई इंटीग्रेशन इन क्लासरूम टीचिंग’ विषय पर आयोजित पांच दिवसीय फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम (एफडीपी) का शुक्रवार को सफल समापन हुआ। समापन समारोह के मुख्य अतिथि संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. राजेन्द्र लकपाले ने महाविद्यालय द्वारा विकसित एलएमएस पोर्टल एवं एआई पोर्टल का शुभारंभ किया तथा प्रतिभागियों और रिसोर्स पर्सन को प्रमाण-पत्र वितरित किए।
मुख्य अतिथि डॉ. लकपाले ने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार, गुणवत्ता और अनुसंधान के नए अवसर प्रदान कर रही है। उन्होंने शिक्षकों से तकनीकी रूप से स्वयं को लगातार अपडेट रखने का आह्वान करते हुए महाविद्यालय की एआई आधारित शिक्षण पहल की सराहना की।
कार्यक्रम का आयोजन 27 से 31 जुलाई तक महाविद्यालय के आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ (आईक्यूएसी) एवं कंप्यूटर विज्ञान विभाग द्वारा संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय के कंप्यूटर विज्ञान विभाग तथा छत्तीसगढ़ सोसायटी ऑफ इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी के सहयोग से किया गया।
महाविद्यालय की डायरेक्टर डॉ. रीनू जैन ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि आधुनिक शिक्षा में कृत्रिम बुद्धिमत्ता का जिम्मेदार एवं प्रभावी उपयोग समय की आवश्यकता है। वहीं प्राचार्य एवं कंप्यूटर विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. रितेश वर्मा ने एलएमएस एवं एआई पोर्टल की विशेषताओं की जानकारी देते हुए बताया कि इससे विद्यार्थियों और शिक्षकों को अध्ययन सामग्री, ऑनलाइन शिक्षण, मूल्यांकन तथा एआई आधारित सुविधाएं एक ही मंच पर उपलब्ध होंगी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के उपाध्यक्ष राहुल जैन ने की। उन्होंने कहा कि कॉलेज भविष्य में भी तकनीक-सक्षम एवं नवाचार आधारित शैक्षणिक कार्यक्रमों का आयोजन करता रहेगा।