सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर,1 अगस्त। नाबालिग से रेप के मामले में फरार चल रहे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए सरगुजा पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस ने आरोपी के नाम पर जारी लाइसेंसी 12 बोर डीबीबीएल बंदूक जब्त कर ली है, जबकि उसकी चल-अचल संपत्ति की कुर्की की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए डीआईजी एवं एसएसपी राजेश अग्रवाल ने विशेष पुलिस टीम गठित करने के साथ ही 5 हजार रुपये के इनाम की घोषणा भी की है।
पुलिस के अनुसार थाना कोतवाली में दर्ज अपराध 5 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 65(1) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 4 एवं 6 के तहत मामला दर्ज है। प्रकरण का आरोपी तरुण जायसवाल, निवासी ग्राम भफौली, घटना के बाद से लगातार फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी के नाम पर 12 बोर डीबीबीएल लाइसेंसी बंदूक जारी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने शस्त्र लाइसेंस निरस्त करने की अनुशंसा की थी। इसके बाद शनिवार को कोतवाली पुलिस ने आरोपी के परिजनों से लाइसेंसी बंदूक एवं उसका लाइसेंस जब्त कर लिया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी की चल एवं अचल संपत्तियों की जानकारी राजस्व विभाग से प्राप्त की जा रही है। साथ ही ग्राम भफौली में कथित अतिक्रमित भूमि का मौका सत्यापन कराकर संपत्ति कुर्की की वैधानिक प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई जा रही है।
डीआईजी एवं एसएसपी राजेश अग्रवाल के निर्देशन में गठित विशेष पुलिस टीम आरोपी की तलाश में लगातार छापेमार कार्रवाई कर रही है। पुलिस का दावा है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पुलिस ने यह भी चेतावनी दी है कि यदि कोई व्यक्ति फरार आरोपी को शरण देता है या गिरफ्तारी से बचाने में किसी प्रकार की मदद करता है तो उसके विरुद्ध भी सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, आरोपी की गिरफ्तारी में सहयोग या ठोस सूचना देने वाले व्यक्ति को 5 हजार रुपये का इनाम दिया जाएगा।
