सरगुजा
बच्चों ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर,1 अगस्त। ओरिएंटल पब्लिक स्कूल में शनिवार को पर्यावरण संरक्षण, स्वस्थ जीवनशैली और हरित संस्कृति के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से ग्रीन डे का उत्साहपूर्वक आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर को हरे रंग की आकर्षक सजावट से सजाया गया, जिससे पूरे परिसर में हरियाली की छटा बिखरी रही।
कार्यक्रम के तहत प्री-प्राइमरी विंग के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों के लिए ‘अवॉइड जंक फूड’ विषय पर विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। इसके साथ ही डांस एवं फैंसी ड्रेस प्रतियोगिताओं में बच्चों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से सभी का ध्यान आकर्षित किया।
प्राइमरी विंग के विद्यार्थियों के लिए ड्राइंग, भाषण और गीत प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक चित्रकला, प्रभावशाली वक्तव्य और मधुर गीतों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण तथा हरित जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
ग्रीन डे के अवसर पर सभी छात्र-छात्राएं हरे रंग की वेशभूषा में विद्यालय पहुंचे और अपने साथ ग्रीन लंच भी लेकर आए। इससे कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ स्वस्थ खान-पान का संदेश भी प्रभावी ढंग से दिया गया।
विद्यालय के संस्थापक प्राचार्य डॉ. आई. ए. खान सूरी एवं श्रीमती अंजुम आरा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए हरे-भरे वातावरण में रहने और पौष्टिक भोजन अपनाने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन बच्चों में पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता, स्वस्थ जीवनशैली, रचनात्मकता और आत्मविश्वास का विकास करते हैं।