सरगुजा

अंबिकापुर की ऐश्वर्या सिंह का दून यूनिवर्सिटी में चयन, ऑल इंडिया कैटेगरी में 10वीं रैंक
01-Aug-2026 3:57 PM
अंबिकापुर की ऐश्वर्या सिंह का दून यूनिवर्सिटी में चयन, ऑल इंडिया कैटेगरी में 10वीं रैंक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 1 अगस्त। शहर की होनहार छात्रा ऐश्वर्या सिंह ने अपनी प्रतिभा के दम पर एक और उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए देश की प्रतिष्ठित शासकीय शिक्षण संस्था दून यूनिवर्सिटी, देहरादून में बैचलर ऑफ डिजाइन (ऑनर्स एंड रिसर्च) पाठ्यक्रम में प्रवेश प्राप्त किया है। ऐश्वर्या का चयन ऑल इंडिया कैटेगरी के तहत हुआ है। उन्होंने प्रवेश परीक्षा में अपने संकाय के लिए अखिल भारतीय स्तर पर 10वीं रैंक हासिल कर जिले और प्रदेश का नाम गौरवान्वित किया है।

ऐश्वर्या सिंह की इस सफलता से परिवार सहित शहर में खुशी का माहौल है। वे प्रतिष्ठित सेवानिवृत्त क्रीड़ा अधिकारी एम.डी. सिंह की पौत्री हैं। उनके पिता राजेश सिंह शिक्षक हैं, जबकि माता आरती सिंह भी शिक्षिका हैं। परिवार के शैक्षणिक एवं प्रेरणादायी वातावरण ने ऐश्वर्या की सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

ऐश्वर्या की इस उपलब्धि पर परिजनों, शिक्षकों, मित्रों और शुभचिंतकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। लोगों का कहना है कि ऐश्वर्या की मेहनत, लगन और अनुशासित तैयारी का ही परिणाम है कि उन्हें देश के प्रतिष्ठित संस्थान में अध्ययन का अवसर मिला है। उनकी सफलता क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी और उन्हें उच्च शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करेगी।


अन्य पोस्ट