सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर,1 अगस्त। किसानों से निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर उर्वरक बेचने की शिकायत पर कृषि विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए विकासखंड अंबिकापुर के ग्राम दरिमा स्थित कृष्णा कृषि सेवा केंद्र के गोदाम में रखी 1110 बोरी उर्वरक के विक्रय पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है। कलेक्टर के निर्देश एवं उप संचालक कृषि के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई से जिले के खाद विक्रेताओं में हडक़ंप मच गया है।
कृषि विभाग को शिकायत मिली थी कि संबंधित विक्रेता किसानों को निर्धारित दर से अधिक कीमत पर खाद बेच रहा है। शिकायत के बाद वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी एवं उर्वरक निरीक्षक जे. आलम के नेतृत्व में विभागीय टीम ने गोदाम में औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान प्रारंभिक तौर पर अनियमितताएं पाए जाने पर गोदाम में उपलब्ध कुल 1110 बोरी उर्वरक के विक्रय पर आगामी आदेश तक प्रतिबंध लगा दिया गया। कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि किसानों के हितों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उर्वरकों की कालाबाजारी, जमाखोरी अथवा निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर बिक्री करने वाले विक्रेताओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने चेतावनी दी है कि दोषी पाए जाने पर संबंधित विक्रेता का लाइसेंस निरस्त करने के साथ ही नियमानुसार कठोर कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।
प्रशासन ने जिले के सभी खाद एवं बीज विक्रेताओं से निर्धारित दरों पर ही उर्वरकों की बिक्री सुनिश्चित करने और नियमों का कड़ाई से पालन करने की अपील की है।