सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सीतापुर, 31 जुलाई। सरगुजा जिले के सीतापुर में 1 करोड़ रुपये के सोने-चांदी के आभूषणों की उठाईगिरी के मामले में आरोपियों की अब तक गिरफ्तारी नहीं होने से व्यापारियों का आक्रोश शुक्रवार को सडक़ों पर दिखाई दिया। व्यापारी संघ के आह्वान पर सर्राफा व्यवसायियों ने अपनी दुकानें बंद रखीं और नगर के कारगिल चौक पर चक्काजाम कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने मामले का शीघ्र खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।
गौरतलब है कि 26 जुलाई को श्री काशी विश्वनाथ ज्वेलर्स के संचालक दुकान खोलने के दौरान स्कूटी में रखा करीब एक करोड़ रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषणों से भरा बैग दो अज्ञात बदमाश लेकर फरार हो गए थे। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई थी, लेकिन कई दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस आरोपियों तक नहीं पहुंच सकी है।
व्यापारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध होने के बावजूद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होना पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान कारगिल चौक पर राष्ट्रीय राजमार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे आवागमन प्रभावित रहा। हालांकि व्यापारियों ने एंबुलेंस को निर्बाध आवागमन की अनुमति दी, जबकि स्कूली बसों एवं यात्री वाहनों को वैकल्पिक मार्ग से निकाला गया। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए नगर के प्रमुख चौक-चौराहों पर भारी पुलिस बल तैनात रहा और पूरे घटनाक्रम पर प्रशासन की नजर बनी रही।