सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 31 जुलाई। सावन माह शुरू होने से दो दिन पहले अंबिकापुर से बाबा बैद्यनाथ धाम (देवघर) के लिए रवाना हुए श्रद्धालुओं का पहला जत्था सावन के प्रथम दिन भगवान भोलेनाथ के दरबार पहुंचा। गुरु पूर्णिमा और सावन के पहले दिन श्रद्धालुओं ने विधि-विधान के साथ बाबा बैद्यनाथ का जलाभिषेक कर दर्शन किए तथा प्रदेश और क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।
यह यात्रा बाबा 11 सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित की गई, जिसमें करीब 20 से 25 श्रद्धालु शामिल हुए। समिति के सदस्यों ने बताया कि वे पिछले लगभग 25 वर्षों से लगातार सावन माह में बाबा बैद्यनाथ धाम जाकर भगवान शिव का जलाभिषेक और दर्शन करने की परंपरा निभाते आ रहे हैं। वर्षों से चली आ रही इस धार्मिक परंपरा को आज भी पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है।
समिति के अनुसार यात्रा में जयशंकर साहू, गांधी पासवान, जसवंत सिंह, अविनाश तिवारी, आशीष, सतीश यादव सहित अन्य श्रद्धालु शामिल हुए। बाबा बैद्यनाथ के दर्शन को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। पूरे यात्रा मार्ग में बोल बम और हर-हर महादेव के जयघोष से भक्तिमय वातावरण बना रहा।
सावन के प्रथम दिन बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचकर श्रद्धालुओं ने गंगाजल से भगवान शिव का अभिषेक किया और देश, प्रदेश तथा सरगुजा अंचल के लोगों के सुख, शांति और समृद्धि की प्रार्थना की।
समिति के सदस्यों ने बताया कि भगवान भोलेनाथ की कृपा से यह धार्मिक यात्रा हर वर्ष सफलतापूर्वक संपन्न होती है और भविष्य में भी यह परंपरा इसी तरह जारी रहेगी।