सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 31 जुलाई। जनपद पंचायत अंबिकापुर में कथित प्रशासनिक लापरवाही को लेकर शुक्रवार को बड़ा विवाद सामने आया। ग्राम चिताबहार में वर्ष 2020-21 के सामुदायिक शौचालय निर्माण में कथित 1.75 लाख रुपए के गबन मामले में सरईटिकरा के सरपंच एवं जनपद पंचायत सरपंच संघ के अध्यक्ष रामसाय मिंज की गिरफ्तारी के बाद कांग्रेस ने जनपद पंचायत के सीईओ पर गंभीर आरोप लगाते हुए उन्हें पद से हटाने की मांग की है।
कांग्रेस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि जिस अवधि में कथित अनियमितता हुई, उस समय ग्राम चिताबहार के सरपंच शिवनाथ भगत थे, जबकि रामसाय मिंज उस ग्राम के सरपंच नहीं थे। दावा किया गया है कि ग्राम चिताबहार के सचिव ने भी जनपद पंचायत को भेजे गए पत्र में कथित गबन की जानकारी दी थी, जिसमें रामसाय मिंज का नाम शामिल नहीं था। वहीं रामसाय मिंज ने भी पूर्व में जनपद पंचायत को लिखित रूप से अवगत कराया था कि संबंधित अवधि में वे चिताबहार के सरपंच नहीं थे।
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार शुक्रवार सुबह दरिमा पुलिस ने रामसाय मिंज को उनके खेत से हिरासत में लेकर एसडीएम न्यायालय में पेश किया। वहां उन्होंने स्वयं को निर्दोष बताते हुए जमानत लेने से इंकार कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष राकेश गुप्ता, जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक, ग्रामीण ब्लॉक अध्यक्ष विनय शर्मा, दरिमा ब्लॉक अध्यक्ष नारद गुप्ता, जनपद पंचायत अध्यक्ष विक्रम सोनपाकर, उपाध्यक्ष सतीश यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता न्यायालय पहुंच गए।
कांग्रेस का आरोप है कि पूरे मामले में जनपद पंचायत की रिकॉर्ड संबंधी त्रुटि के कारण गलत व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई हुई। वहीं बाद में जनपद पंचायत की ओर से जारी पत्र में रिकॉर्ड में नाम दर्ज होने के कारण कार्रवाई होने की बात कही गई। कांग्रेस ने इसे गंभीर लापरवाही बताते हुए संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई, लिखित माफी तथा जनपद पंचायत सीईओ को पद से हटाने की मांग की है।