सरगुजा
महापौर ने कराया सम्मानपूर्वक अंतिम संस्कार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 31 जुलाई। शहर के शंकरनगर क्षेत्र में मानवता की मिसाल पेश करते हुए महापौर मंजूषा भगत ने 75 वर्षीय महिला का सम्मानपूर्वक अंतिम संस्कार कराया। महिला के निधन के बाद उसके परिजन और समाज के लोग अंतिम संस्कार के लिए आगे नहीं आए। जानकारी मिलने पर महापौर स्वयं मौके पर पहुंचीं और नगर निगम के सहयोग से सामाजिक परंपराओं के अनुसार अंतिम संस्कार की व्यवस्था कराई।
बताया जाता है कि शंकरनगर निवासी सावित्री बाई के पति का कई वर्ष पहले निधन हो गया था। इसके बाद उन्होंने अपने समाज से अलग एक व्यक्ति से प्रेम विवाह कर लिया था। इस फैसले के बाद परिजनों और समाज के लोगों ने उनसे संबंध तोड़ लिए और उनका सामाजिक बहिष्कार कर दिया। यह दूरी उनके जीवन के अंतिम समय तक बनी रही।
महिला की मृत्यु के बाद भी परिवार और समाज के किसी सदस्य ने अंतिम संस्कार की जिम्मेदारी नहीं निभाई। बताया गया कि जिस व्यक्ति से उन्होंने प्रेम विवाह किया था, वह अंतिम संस्कार करना चाहता था, लेकिन पारिवारिक कारणों से ऐसा नहीं कर सका।
घटना की जानकारी मिलने पर महापौर मंजूषा भगत तत्काल मौके पर पहुंचीं। उन्होंने नगर निगम की सहायता से अंतिम संस्कार की सभी व्यवस्थाएं कराईं और स्वयं भी पूरी प्रक्रिया के दौरान मौजूद रहीं।
बताया गया कि महिला की कोई संतान भी नहीं थी।
महापौर ने कहा कि किसी व्यक्ति की मृत्यु के बाद भी यदि समाज उसके साथ खड़ा न हो, तो यह बेहद दुखद स्थिति है। उन्होंने कहा कि अंतिम संस्कार जैसे मानवीय दायित्व से पीछे हटना समाज के लिए आत्ममंथन का विषय है। उनके इस मानवीय कदम की शहर में व्यापक सराहना हो रही है।