सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 31 जुलाई। छत्तीसगढ़ के पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव से 29 जुलाई को विश्वविद्यालय के कुलपति ने सौजन्य भेंट की। इस दौरान भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) अंबिकापुर द्वारा किए जा रहे क्रमिक भूख हड़ताल सहित विश्वविद्यालय की विभिन्न गतिविधियों और विकास कार्यों को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
चर्चा के दौरान कुलपति ने बताया कि विश्वविद्यालय स्तर पर परीक्षा शुल्क एवं अन्य शुल्क में आंशिक कमी की गई है। उन्होंने विश्वविद्यालय में शैक्षणिक पदों पर हुई भर्ती प्रक्रिया की जानकारी देते हुए कहा कि इसमें छत्तीसगढ़ शासन के आरक्षण नियमों और रोस्टर का पालन किया गया है। आयुक्त, सरगुजा संभाग द्वारा की गई जांच में भी भर्ती प्रक्रिया में आरक्षण नियम एवं रोस्टर का पालन सुनिश्चित होना पाया गया है।
कुलपति ने बताया कि विश्वविद्यालय की वेबसाइट का लोकार्पण राज्यपाल एवं कुलाधिपति द्वारा किया जा चुका है और वेबसाइट सर्वसंबंधितों के लिए शुरू कर दी गई है। विश्वविद्यालय के भकुरा परिसर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने की प्रक्रिया चल रही है। नियमित पुलिस पेट्रोलिंग के लिए पुलिस अधीक्षक को पत्र भेजा गया है, जबकि परिसर में पुलिस चौकी स्थापित करने के लिए भी प्रस्ताव भेजा गया है।
विश्वविद्यालय के अधूरे निर्माणाधीन भवनों को पूरा करने तथा अंबिकापुर शहर से विश्वविद्यालय के भकुरा परिसर तक और परिसर के भीतर सडक़ निर्माण के लिए शासन स्तर पर लगातार प्रयास किए जाने की जानकारी दी गई। इस संबंध में मुख्यमंत्री, उच्च शिक्षा एवं वित्त विभाग के मंत्री तथा संबंधित अधिकारियों को पत्र भेजे जाने की बात कही गई।
कुलपति ने बताया कि परीक्षा परिणाम जल्द जारी करने और मूल्यांकन प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने के लिए ऑनलाइन/डिजिटल मूल्यांकन शुरू किया गया है। वहीं विश्वविद्यालय में टोल फ्री एवं टेलीफोन सुविधा शुरू करने की प्रक्रिया भी चल रही है।