सरगुजा
सिंहदेव ने सफलता के लिए चरित्र, अनुशासन और कौशल को बताया जरूरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 30 जुलाई। माउंट लिट्रा जी स्कूल में विद्यार्थियों को कक्षा-कक्ष और पुस्तकों से आगे व्यावहारिक, सामाजिक एवं लोकतांत्रिक ज्ञान से जोडऩे के उद्देश्य से ‘संवाद’ नामक विशेष प्रेरक सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के पूर्व उपमुख्यमंत्री टी. एस. सिंहदेव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य, दैनिक जीवन की चुनौतियों, शिक्षा, करियर और भविष्य से जुड़े विभिन्न विषयों पर अतिथियों से खुलकर संवाद किया। सिंहदेव ने विद्यार्थियों के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि जीवन में सफलता केवल अच्छे अंकों तक सीमित नहीं है, बल्कि चरित्र, कौशल, अनुशासन और सकारात्मक दृष्टिकोण भी उतने ही महत्वपूर्ण हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों को अपने आसपास की सामाजिक परिस्थितियों को समझने और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूक रहने की प्रेरणा दी। अन्य अतिथियों ने भी विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए शिक्षा के साथ कौशल विकास, नैतिक मूल्यों, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक उत्तरदायित्व के महत्व पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में विद्यालय के निदेशक केपी दीक्षित, राजू अग्रवाल, दीपेश गुप्ता, नितेश मेहता, प्रतीक दीक्षित और डॉ. बृजेश पांडेय उपस्थित रहे। इसके अलावा कांग्रेस कमेटी सरगुजा के जिला महामंत्री आलोक सिंह, मंडल अध्यक्ष नीतीश चौरसिया, एनएसयूआई सरगुजा के जिला अध्यक्ष आशीष जायसवाल, सतीश बारी, धीरज गुप्ता, अंकित जायसवाल, अतुल यादव एवं राधे अग्रवाल भी मौजूद रहे।
समापन अवसर पर विद्यालय की प्राचार्या वर्षा अग्रवाल ने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों और निदेशकगण के प्रति आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि ‘संवाद’ कार्यक्रम आज की त्रद्गठ्र्ठ ं और त्रद्गठ्ठ ्रद्यश्चद्धड्ड पीढ़ी की सोच को वास्तविक जीवन के अनुभवों एवं मूल्यों से जोडऩे का सार्थक माध्यम है।
विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि वास्तविक शिक्षा केवल पुस्तकों तक सीमित नहीं है। अनुभव, संवाद और उचित मार्गदर्शन विद्यार्थियों के व्यक्तित्व के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।