सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 30 जुलाई। राजीव गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय अंबिकापुर में विधि (लॉ) संकाय की सीटों को 120 से बढ़ाकर पूर्ववत 240 किए जाने की मांग उठी है। छत्तीसगढ़ के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता टी.एस. सिंहदेव ने इस संबंध में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखकर सीटों की संख्या पुन: 240 करने के लिए संबंधित विभाग को निर्देश देने का आग्रह किया है।
28 जुलाई को मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में सिंहदेव ने कहा है कि राजीव गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय अंबिकापुर सरगुजा संभाग का प्रमुख एवं ऐतिहासिक शिक्षण संस्थान है। यहां संभाग के दूर-दराज ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों से बड़ी संख्या में विद्यार्थी उच्च शिक्षा प्राप्त करने आते हैं।
उन्होंने पत्र में उल्लेख किया कि महाविद्यालय के विधि संकाय में पूर्व में 240 सीटें स्वीकृत थीं। इससे गरीब और मेधावी विद्यार्थियों को कम खर्च में कानून की शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिल रहा था। हाल ही में सीटों की संख्या घटाकर 120 किए जाने से बड़ी संख्या में विद्यार्थियों के सामने उच्च शिक्षा को लेकर परेशानी खड़ी हो सकती है।
सिंहदेव ने कहा कि सीटों में कटौती के कारण कई विद्यार्थियों को निजी लॉ कॉलेजों का रुख करना पड़ सकता है, जिसकी फीस आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए वहन करना कठिन होगा। उन्होंने सरगुजा को आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र बताते हुए कहा कि यहां कानूनी जागरूकता और न्याय व्यवस्था की समझ बढ़ाने के लिए स्थानीय स्तर पर विधि स्नातकों की आवश्यकता है।
उन्होंने मुख्यमंत्री से विद्यार्थियों के भविष्य और क्षेत्र की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए राजीव गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में विधि संकाय की सीटें पूर्ववत 240 करने के लिए आवश्यक निर्देश जारी करने का आग्रह किया है।