सरगुजा
13 पदक जीते, राष्ट्रीय स्पर्धा के लिए 8 खिलाडिय़ों का चयन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 27 जुलाई। ओरिएंटल पब्लिक स्कूल (ओपीएस), अंबिकापुर के खिलाडिय़ों ने सीबीएसई ईस्ट जोन बॉक्सिंग चैम्पियनशिप-2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया है। विद्यालय के खिलाडिय़ों ने 5 स्वर्ण, 3 रजत और 5 कांस्य पदक जीतकर न केवल प्रतियोगिता में अपना दबदबा कायम किया, बल्कि छत्तीसगढ़ के लिए भी एक ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज की।
यह प्रतियोगिता 21 से 24 जुलाई तक भुवनेश्वर (ओडिशा) स्थित कीट इंटरनेशनल स्कूल (कलिंगा इंटरनेशनल स्कूल) में आयोजित हुई। प्रतियोगिता में अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 आयु वर्ग के बालक एवं बालिका वर्ग के विभिन्न भार वर्गों में मुकाबले हुए।
ओपीएस की 17 सदस्यीय टीम ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। टीम के साथ शारीरिक शिक्षा शिक्षक अनिल कुमार बर्नवाल पुरुष प्रशिक्षक, शिवकली गुप्ता महिला प्रशिक्षिका तथा अंश कुमार टीम मैनेजर के रूप में शामिल रहे। प्रतियोगिता में विद्यालय के 13 खिलाडिय़ों ने पदक जीतकर ओवरऑल चैंपियन का खिताब दिलाया। टीम ने कुल 5 स्वर्ण, 3 रजत और 5 कांस्य पदक अपने नाम किए।
स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाडिय़ों में सूर्यप्रताप सिंह, अमूल केरकेट्टा, हर्ष मन्नू केरकेट्टा, तान्या सिंह तथा मो. हसनैन फिरदौसी शामिल हैं। वहीं आस्था कुशवाहा, अंचित्य राजवाड़े और पूर्वी केशरी ने रजत पदक जीता। अक्षत गुप्ता, शिव साहित्य, क्षितिज श्रेय मिंज, आर्यन कोरवा और साहित टोप्पो ने कांस्य पदक हासिल किया।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर ओपीएस के सभी स्वर्ण और रजत पदक विजेता कुल 8 खिलाडिय़ों का चयन आगामी 5 अक्टूबर 2026 से गुरुग्राम (हरियाणा) में आयोजित होने वाली सीबीएसई राष्ट्रीय बॉक्सिंग चैम्पियनशिप के लिए हुआ है। ये खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर ईस्ट जोन का प्रतिनिधित्व करेंगे।
विद्यालय के संस्थापक प्राचार्य डॉ. आई.ए. खान सूरी ने खिलाडिय़ों, प्रशिक्षकों एवं पूरी टीम को इस ऐतिहासिक सफलता पर बधाई देते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि खिलाडिय़ों की मेहनत, अनुशासन और प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन का ही परिणाम है कि विद्यालय ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई है।-