सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 26 जुलाई। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद सरगुजा जिला कांग्रेस कमेटी ने रविवार को राजीव भवन से संगम चौक तक विजय रैली निकाली। रैली के समापन पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी कर खुशी जाहिर की और इसे छात्र आंदोलन की जीत बताया।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि देशभर में छात्र विभिन्न परीक्षा एवं पेपर लीक जैसे मुद्दों को लेकर आंदोलनरत थे। इसी क्रम में कांग्रेस ने सभी जिला मुख्यालयों में मशाल रैली निकालने का निर्णय लिया था, लेकिन इस्तीफे की घोषणा के बाद कार्यक्रम को विजय रैली का रूप दिया गया।
पूर्व कैबिनेट मंत्री अमरजीत भगत ने कहा कि पेपर लीक की घटनाओं से छात्रों और अभिभावकों में व्यापक आक्रोश था। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने आंदोलन को दबाने का प्रयास किया, लेकिन अंतत: जनदबाव के कारण यह फैसला लेना पड़ा।
प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष जे.पी. श्रीवास्तव ने कहा कि शिक्षा, रोजगार और पेपर लीक के मुद्दे पर कांग्रेस लगातार आंदोलन करती रही है। उन्होंने इसे छात्र संघर्ष की प्रतीकात्मक जीत बताते हुए शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार की आवश्यकता पर जोर दिया।
नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद ने कहा कि छात्रों की एकजुटता के कारण सरकार को फैसला बदलना पड़ा। उन्होंने पेपर लीक की घटनाओं से प्रभावित छात्रों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए छात्र एकता की सराहना की।
प्रदेश कांग्रेस महामंत्री द्वितेंद्र मिश्रा ने कहा कि केवल इस्तीफा पर्याप्त नहीं है, बल्कि शिक्षा और रोजगार व्यवस्था में ठोस सुधार की आवश्यकता है। पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष राकेश गुप्ता ने भी कहा कि सरकार ने दबाव में यह निर्णय लिया है और युवाओं का शिक्षा व्यवस्था पर विश्वास बहाल करने के लिए व्यापक सुधार जरूरी हैं।
विजय रैली में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों, ब्लॉक अध्यक्षों, मोर्चा संगठनों के पदाधिकारियों तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।