सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 26 जुलाई। सूरजपुर जिला के प्रेमनगर पुलिस ने मोबाइल दुकान में सेंधमारी कर लाखों रुपये के सामान की चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए एक नाबालिग सहित चार लोगों को पकड़ा है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के 2.10 लाख कीमत के मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 18 जुलाई को ग्राम सलका निवासी कृष्ण कुमार साहू ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 17-18 जुलाई की रात अज्ञात चोरों ने उनकी मोनू मोबाइल दुकान की पीछे की दीवार तोडक़र दुकान में रखे 16 मोबाइल फोन, 2 सीसीटीवी कैमरे, एक एलईडी टीवी और 2,000 नकद चोरी कर लिए। चोरी गए सामान की कुल कीमत 2,86,550 आंकी गई थी। मामले में थाना प्रेमनगर में बीएनएस की धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी पुलिस की सक्रियता से घबराकर चोरी के 9 मोबाइल फोन कबीर चबूतरा के पास छोडक़र फरार हो गए, जिन्हें पुलिस ने बरामद कर लिया। इसके बाद घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज तथा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने संदिग्धों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया।
पूछताछ में मुनेश्वर सिंह उईके (21), दिलीप कुमार उर्फ मंगलू (20) तथा एक विधि से संघर्षरत बालक ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। आरोपियों ने बताया कि पुलिस के डर से 9 मोबाइल छोड़ दिए थे, जबकि 2 मोबाइल मुल्ले प्रताप सिंह के पास रखे थे। पुलिस ने मुल्ले प्रताप सिंह (19) को भी गिरफ्तार कर उसके कब्जे से दो मोबाइल बरामद किए। वहीं एक मोबाइल दिलीप के पास से मिला। आरोपियों ने यह भी बताया कि 4 मोबाइल, सीसीटीवी कैमरे और एलईडी टीवी नदी में फेंक दिए थे।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जबकि विधि से संघर्षरत बालक के विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।