सरगुजा

ओरिएण्टल पब्लिक स्कूल में सीबीएसई फार ईस्ट जोन हैंडबॉल स्पर्धा का समापन
26-Jul-2026 7:27 PM
ओरिएण्टल पब्लिक स्कूल में सीबीएसई फार ईस्ट जोन हैंडबॉल स्पर्धा का समापन

विजेता टीमों को ट्रॉफी व पदक से किया सम्मानित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 26 जुलाई। ओरिएण्टल पब्लिक स्कूल, अंबिकापुर में आयोजित चार दिवसीय सीबीएसई फार ईस्ट जोन हैंडबॉल प्रतियोगिता का रविवार को रोमांचक फाइनल मुकाबलों और गरिमामय पुरस्कार वितरण समारोह के साथ भव्य समापन हुआ। प्रतियोगिता में असम, छत्तीसगढ़, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के विभिन्न विद्यालयों के खिलाडिय़ों ने उत्कृष्ट खेल कौशल, अनुशासन और खेल भावना का परिचय दिया।

समापन समारोह के मुख्य अतिथि नगर निगम अंबिकापुर के सभापति हरमिंदर सिंह (टिन्नी) थे। विशिष्ट अतिथि के रूप में वरिष्ठ अधिवक्ता संजय अम्बस्ट तथा छत्तीसगढ़ राज्य हैंडबॉल एसोसिएशन के उपाध्यक्ष मोहम्मद इमरान अली उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के संस्थापक प्राचार्य डॉ. आई. ए. खान सूरी ने की। इस अवसर पर सीबीएसई खेल ऑब्जर्वर संतोष बेहुरा, विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्य, प्रशिक्षक, खिलाड़ी एवं बड़ी संख्या में अभिभावक मौजूद रहे।

मुख्य अतिथि हरमिंदर सिंह ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ओरिएण्टल पब्लिक स्कूल ने उत्कृष्ट खेल एवं शैक्षणिक वातावरण का परिचय दिया है। यहां आने वाले खिलाड़ी अंबिकापुर की मेहमाननवाजी और विद्यालय की उच्च गुणवत्ता को हमेशा याद रखेंगे।

प्रतियोगिता के विभिन्न आयु वर्गों में अंडर-14 बालिका वर्ग में द ग्रेट इंडिया पब्लिक स्कूल, रायपुर विजेता रहा, जबकि ओरिएण्टल पब्लिक स्कूल उपविजेता बना। अंडर-14 बालक वर्ग में केसी पब्लिक स्कूल, ब्रह्मपुर ने खिताब जीता और ओरिएण्टल पब्लिक स्कूल ने दूसरा स्थान हासिल किया। अंडर-17 बालिका वर्ग में आर्मी पब्लिक स्कूल, गोपालपुर तथा अंडर-17 बालक वर्ग में आदर्शिला विद्या मंदिर, कोनी-बिलासपुर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। अंडर-19 बालिका वर्ग में विवेकानंद केंद्रीय विद्यालय, गोलाघाट विजेता रहा, जबकि अंडर-19 बालक वर्ग का खिताब केसी पब्लिक स्कूल, ब्रह्मपुर के नाम रहा।

प्रतियोगिता के दौरान केसी पब्लिक स्कूल, ब्रह्मपुर के खिलाड़ी आर्यन साहू (जर्सी नंबर-11) को विषम परिस्थितियों में शानदार गोल करने के लिए विद्यालय के संस्थापक प्राचार्य डॉ. आई. ए. खान सूरी ने ?1,000 का विशेष नगद पुरस्कार प्रदान किया।

समापन समारोह में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को आकर्षक बनाया। अंत में विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी, पदक और प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। चार दिवसीय प्रतियोगिता खेल भावना, अनुशासन और राष्ट्रीय एकता का संदेश देते हुए सफलतापूर्वक संपन्न हुई।


अन्य पोस्ट