सरगुजा

नीट परीक्षा में मैनपाट की विमला मांझी ने लहराया परचम
25-Jul-2026 8:32 PM
नीट परीक्षा में मैनपाट की विमला मांझी ने लहराया परचम

प्राथमिक विद्यालय जूनाडीह में हुआ सम्मान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 25 जुलाई। सरगुजा जिले के मैनपाट विकासखंड के ग्राम जूनाडीह की होनहार छात्रा विमला मांझी ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) में सफलता हासिल कर क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। सीमित संसाधनों और आर्थिक चुनौतियों के बीच मिली इस उपलब्धि ने न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे गांव, विद्यालय और मांझी समाज को गौरवान्वित किया है। ग्रामीण क्षेत्र से निकलकर राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा में सफलता प्राप्त करने वाली विमला अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बन गई हैं।

विमला मांझी ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा शासकीय प्राथमिक विद्यालय जूनाडीह से प्राप्त की थी। विद्यालय की पूर्व छात्रा की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर शनिवार को विद्यालय परिसर में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान प्रधान पाठक एवं संकुल समन्वयक काजेश कुमार घोष तथा सहायक शिक्षक ईश्वर कुजूर ने उन्हें शॉल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

सम्मान समारोह के दौरान विमला ने विद्यालय के छात्र-छात्राओं से संवाद करते हुए सफलता के अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि नियमित अध्ययन, अनुशासन, समय का सदुपयोग और निरंतर मेहनत ही किसी भी लक्ष्य तक पहुंचने का सबसे प्रभावी मार्ग है। उन्होंने विद्यार्थियों से बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने के लिए पूरे समर्पण के साथ प्रयास करने का आह्वान किया।

विमला एक साधारण किसान-मजदूर परिवार से संबंध रखती हैं। उनके माता-पिता मेहनत-मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं।

कठिन परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने अपने आत्मविश्वास और सतत परिश्रम के दम पर नीट परीक्षा में सफलता अर्जित कर यह साबित किया कि मजबूत इरादों के सामने संसाधनों की कमी भी बाधा नहीं बनती। उनके भाई मुकेश मांझी वर्तमान में इसी विद्यालय में अंशकालीन सफाईकर्मी के रूप में कार्यरत हैं।

विद्यालय परिवार ने विमला की उपलब्धि को पूरे मैनपाट क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बताया। शिक्षकों एवं ग्रामीणों ने विश्वास जताया कि उनकी सफलता से ग्रामीण अंचलों के अन्य छात्र-छात्राएं भी उच्च शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रोत्साहित होंगे।


अन्य पोस्ट